कर्नाटक में ताऊ ते का कहर, चार लोगों की मौत, मुंबई कोविड सेंटर से मरीज शिफ्ट

By: May 16th, 2021 2:14 pm

नई दिल्ली — गुजरात और महाराष्ट्र समेत पांच राज्यों पर अरब सागर में बन रहे चक्रवात ताऊ ते का खतरा मंडरा रहा है। कर्नाटक में इसका काफी बुरा असर पड़ा है। यहां छह जिलों के 73 गांव इसे प्रभावित हुए हैं। राज्य में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान गोवा के तटीय क्षेत्र से टकरा गया है। अब वह गुजरात की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

इस वजह से मुंबई सहित उत्तरी कोंकण में कुछ स्थानों पर रविवार से ही तेज हवा के साथ भारी बारिश हो सकती है। अलर्ट के चलते बृहन्मुंबई नगर निगम को कोविड केयर सेंटर से 580 मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, बीकेसी से 243, दहिसर से 183 और मुलुंड से 154 मरीजों को निकाला गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 12 घंटों के दौरान इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। यह तूफान 18 मई की सुबह गुजरात के पोरबंदर और महुआ कोस्ट के बीच से गुजरेगा। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवात को लेकर अहम बैठक बुलाई। इसमें राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।

इस वर्चुअल बैठक में महाराष्ट्र और गुजरात के मुख्यमंत्रियों के अलावा दमन और दीव और दादरा नगर हवेली के अधिकारी भी इसमें शामिल हुए। आईएमडी के मुताबिक शनिवार देर रात 2.30 बजे ये चक्रवात गोवा के पणजी तट से 150 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में, मुंबई से 490 किलोमीटर दक्षिण, गुजरात के वेरावल से 880 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में था।

तूफान के दौरान बारिश के साथ 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। महाराष्ट्र, केरल और गुजरात के तटों पर तीन दिन तक तूफान का असर रहने की आशंका है। तूफान का असर तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिमी राजस्थान और लक्षद्वीप में भी हो सकता है। इस चक्रवात को म्यांमार ने ताऊ ते नाम दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App