विश्व में कोरोना से 37.80 लाख लोगों की मौत

By: Jun 13th, 2021 12:07 am

वाशिंगटन/ रियो डि जेनेरो/नई दिल्ली

विश्वभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप जारी है और अब तक इससे 37.80 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमरीका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केंद्र (सीएसएसई) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 192 देशों एवं क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 करोड़ 51 लाख 85 हजार 464 हो गई है, जबकि 37 लाख 80 हजार 719 लोगों की इससे मौत हो चुकी है।

विश्व में महाशक्ति माने जाने वाले अमरीका में कोरोना वायरस की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है। यहां संक्रमितों की संख्या तीन करोड़ 34 लाख 37 हजार 703 हो गई है और 5,99,180 लाख से अधिक लोगों की इस संक्रमण से मौत हो गई है। दुनिया में कोरोना संक्रमितों के मामले में भारत दूसरे और मृतकों के मामले में तीसरे स्थान पर है।

पिछले 24 घंटों में 84,332 नए मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 93 लाख 59 हजार 155 हो गया। इस दौरान एक लाख 21 हजार 311 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर देश में अब तक दो करोड़ 79 लाख 11 हजार 384 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं। सक्रिय मामले 40,981 और घटकर अब 10 लाख 80 हजार 690 रह गए हैं।

इस दौरान 4002 मरीजों की मौत हो गई। देश में इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 67 हजार 81 हो गई है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में अब तक कोरोना से 9.38 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और 21,576 मरीजों की मौत हो चुकी है। अन्य पड़ोसी देश बंगलादेश में भी कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है, जहां 8.22 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 13,032 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा दुनिया के अन्य देशों में भी कोरोना वायरस के संक्रमण से स्थिति खराब है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App