कृषि विश्वविद्यालय में अगले साल 85 रिटायर, 15 वैज्ञानिक और 70 गैर शिक्षक होंगे सेवानिवृत्त

By: Jun 13th, 2021 12:04 am

जयदीप रिहान — पालमपुर

प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय से 2022 में 85 वैज्ञानिक व गैर शिक्षक कर्मचारी रिटायर होंगे। कृषि विवि में इस समय शिक्षकों व गैर शिक्षकों की कुल संख्या एक हजार से भी कम है। संस्थान में इस समय करीब 250 शिक्षक और सात सौ के लगभग गैर शिक्षक कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। प्रदेश कृषि विवि में मौजूदा समय में 16 सौ के आसपास विद्यार्थी हैं, जबकि शिक्षकों का आंकड़ा तीन सौ से भी कम है। कृषि विवि में गत वर्षों के दौरान औसतन दस शिक्षक रिटायर होते रहे हैं, जबकि 2022 में 15 शिक्षक सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। प्रदेश कृषि विवि से 2021 में 68 वैज्ञानिक व कर्मचारी रिटायर होंगे।

आंकड़े बताते हैं कि 2011 में 17, 2012 में 12, 2013 में दस और 2014 में 9, 2015 में दस, 2016 में 13, 2017 में 13, 2018 में 9, 2019 में 13 और 2020 में आठ शिक्षक सेवानिवृत्त हुए, जबकि इस साल आठ वैज्ञानिक रिटायर हो रहे हैं। गैर शिक्षक वर्ग में 2011 में 50, 2012 में 54, 2013 में 74, 2014 में 88, 2015 में 74, 2016 में 77, 2017 में 65, 2018 में 72, 2019 में 73, 2020 में 64 गैर शिक्षक कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, तो इस साल इनकी संख्या 60 रहेगी। बीते समय में कृषि विवि में कुछ पद भरे गए हैं, वहीं लंबे समय से को-टर्मीनस आधार पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों का नियमित किया गया था। अगले साल फरवरी, अप्रैल, मई और दिसंबर के महीने में दस-दस कर्मचारी रिटायर होंगे। कृषि विवि के तहत चलाए जा रहे कृषि कालेज में 13, पशु विज्ञान कालेज में 18, कम्यूनिटी साइंस कालेज में पांच और होमसाइंस कालेज में चार विभाग हैं। इन कालेजों में स्नातक स्तर के पांच, स्नातकोत्तर स्तर के 17 और पीएचडी के सात कार्यक्रम उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, अब तक 8417 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर चुके हैं। छात्र संख्या के आधार पर शिक्षकों की संख्या 350 होनी चाहिए। वहीं शिक्षक वर्ग पर इस समय काम का कितना बोझ है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां पर इस समय तीन सौ से भी कम शिक्षक ही तैनात हैं।     (एचडीएम)

2022 में इतनी सेवानिवृत्तियां

जनवरी में 8, फरवरी 10, मार्च 7, अप्रैल 10, मई 10, जून 8, जुलाई 7, अगस्त 1, सितंबर 4, अक्तूबर 6, नवंबर 4 व दिसंबर में 10 सेवानिवृत्तियां होंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App