दुनिया पर मंडराया एक और चीनी खतरा, इनसान में पाया एच10एन3 बर्ड फ्लू संक्रमण

By: Jun 1st, 2021 2:54 pm

मुंबई — चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने मंगलवार को जानकारी दी कि देश के जिआंगसू प्रांत में एच10एन3 बर्ड फ्लू का पहला मानव संक्रमण मामला सामने आया है। इसका मतलब यह है कि एच10एन3 बर्ड फ्लू का संक्रमण पहली बार किसी इनसान में पाया गया है। ये संक्रमण एक पुरुष में पाया गया है। जिआंगसू प्रांत के झेनजियांग शहर में एक 41 वर्षीय पुरुष में यह बर्ड फ्लू का संक्रमण देखा गया है।

ऐसा माना जा रहा है कि मुर्गी पालन से यह बर्ड फ्लू फैला है और बड़े स्तर पर इसके फैलने का खतरा काफी कम है। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लिखे गए एक बयान के आधार पर यह जानकारी सामने आई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि दुनिया में अभी तक एच10एन3 बर्ड फ्लू का मानव संक्रमण का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

आयोग ने जानकारी दी कि 28 अप्रैल को शख्स को अस्पताल में भर्ती किया गया था। शख्स में बुखार और अन्य लक्षण देखे गए थे। एक महीने बाद यानी 28 मई को शख्स में एच10एन3 बर्ड फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। हालांकि आयोग का कहना है कि इस वायरस का खतरा अभी उतना नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App