देश में कोरोना से हुई मौतों ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

By: Jun 11th, 2021 12:05 am

नई दिल्ली — देश में कोरोना संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान छह हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जो अब तक एक दिन में हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस बीच बुधवार को देश में 33 लाख 79 हजार 261 लोगों का टीकाकरण किया गया, जिसके साथ ही 24 करोड़ 27 लाख 26 हजार 693 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना महामारी से पिछले 24 घंटों के दौरान 6,148 लोगों की मौत हुई है जो 18 मई को हुई 4529 मौतों के बाद सबसे बड़ा आंकड़ा है।

देश में इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 59 हजार 676 हो गई है और मृत्यु दर अभी 1.23 फीसदी है। इस दौरान बिहार में सर्वाधिक 3971 लोगों की मौत हुई है। इसी अवधि में 94,052 नए मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 91 लाख 83 हजार 121 हो गया। इस दौरान एक लाख 51 हजार 367 मरीज स्वस्थ हुए हैं, जिसे मिलाकर देश में अब तक दो करोड़ 76 लाख 55 हजार 493 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं।

देश में सक्रिय मामले 63 हजार 463 कम होकर 11 लाख 67 हजार 952 रह गए हैं। सक्रिय मामलों की दर घटकर चार प्रतिशत रह गई है, जबकि रिकवरी दर बढ़कर अब 94.77 फीसदी हो गई है। कोरोना महामारी से अब तक राजस्थान में 8749 , उत्तराखंड में 6849, झारखंड में 5076, जम्मू-कश्मीर में 4118, असम में 3793, हिमाचल प्रदेश में 3343, ओडिशा में 3123, गोवा में 2877, पुड्डुचेरी में 1648, मणिपुर में 915, चंडीगढ़ में 781, मेघालय में 694, त्रिपुरा में 591, नागालैंड में 435, सिक्किम में 276, लद्दाख में 195, अरुणाचल प्रदेश में 128, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 125, मिजोरम में 58, लक्षद्वीप में 42 तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में चार लोगों की मौत हुई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App