हिमाचली होनहारों का दुनिया में डंका

By: Jun 12th, 2021 12:08 am

सिरमौर के दो भाइयों ने अमरीका में गाड़े सफलता के झंडे
विकल्प फेसबुक कंपनी में रिस्क मैनेजर, विमन्यु ऐमजॉन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर

सिटी रिपोर्टर— नाहन
दुनिया की प्रतिष्ठित कंपनी फेसबुक व ऐमजॉन में उच्च पद प्राप्त कर सिरमौर के दो भाइयों ने प्रदेश का नाम चमकाया है। सिरमौर के गांव कोलर के होनहारों विकल्प व विमन्यु अग्रवाल ने कड़ी मेहनत के बूते फेसबुक और ऐमजॉन में नियुक्ति पाई है। कोलर गांव के बेटे विकल्प अग्रवाल ने फेसबुक में रिस्क मैनेजर के पद पर नौकरी हासिल की है। वहीं विमन्यु ऐमजॉन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। दोनों बेटों की इस उपलब्धि पर पिता इंजीनियर वीके अग्रवाल, जो कि वर्तमान में लोक निर्माण विभाग में नाहन मंडल में अधिशाषी अभिंयता के पद पर कार्यरत हैं व माता संगीता अग्रवाल फूले नहीं समां रहे हैं। दोनों भाइयों की प्रारंभिक शिक्षा गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब से आरंभ हुई। जमा दो की शिक्षा डीएवी पांवटा साहिब से करने के बाद दोनों भाई भारत के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रूड़की के लिए सिलेक्ट हुए।

विकल्प ने इस दौरान आईआईटी रूड़की से औद्योगिक उत्पादन में फस्र्ट क्लास डिस्टिक्शन के साथ डिग्री हासिल की व भारत की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में जॉब भी किया। इस बीच दोनों भाई शिक्षा मास्टर ऑफ साइंस के लिए, जिसमें विमन्यु कैलिफोर्निया, जबकि विकल्प मिशिगन अमरीका गया। कोरोना महामारी की मार झेल रहे दुनिया भर में अधिकतर युवा नौकरी से हाथ धो बैठे हैं। इस बीच सिरमौर के दो भाइयों ने देश दुनिया में प्रदेश व जिला का नाम रोशन किया है। विकल्प व विमन्यु के पिता वीके अग्रवाल ने दोनों बच्चों की कामयाबी को श्रेय उनकी माता संगीता अग्रवाल को दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App