चंबा में 36 दिन बाद हुए एचआरटीसी के दर्शन

By: Jun 15th, 2021 12:24 am

चंबा में सोमवार को 53 रूटों पर दौड़ी निगम की बसें; पचास फीसदी सवारियों के साथ रवाना हुई गाडिय़ां, लोगों ने ली राहत की सांस

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा
जिला चंबा में सोमवार को परिवन निगम प्रबंधन ने 53 रूटों पर बस सेवा बहाल कर दी है। सोमवार को बसों को सेनेटाइज करने के बाद पचास फीसदी सवारियों की क्षमता के साथ गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पहले दिन बसों में सफर करने वालों की संख्या सीमित रही। परिवहन निगम की बस सेवा बहाल होने से लोगों ने बड़ी राहत महसूस की है। अब लोगों को मुख्यालय पहुंचने के लिए टैक्सी वाहनों में महंगे खर्च पर सफर नहीं करना करना पड़ेगा।

सोमवार को परिवहन निगम प्रबंधन ने चार अंर्तजिला और 49 जिला के भीतर संचालित होने वाले रूटों पर बस सेवा आरंभ की है। जिला के हरेक उपमंडल मुख्यालय के अलावा ग्रामीण संपर्क मार्गों पर सोमवार को बसें भेजी गई हैं। अब मंगलवार से इन बसों की वापसी के साथ ही सवारियों की तादाद में इजाफा होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने करीब 36 दिनों के बाद परिवहन निगम की बस सेवा को कोविड-19 नियमों की पालना के साथ आरंभ करने के आदेश दिए थे। इन आदेशों के बाद परिवहन निगम चंबा डिपो में भी बस सेवा आरंभ की गई है। उधर, परिवहन निगम चंबा डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राजन जंबाल ने बताया कि आगामी दिनों में सवारियों की संख्या बढऩे के साथ ही रूट भी बढ़ाए जाएंगे। परिवहन निगम प्रबंधन की ओर से सरकार की ओर से जारी एसओपी की पालना पूरी तरह से सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी बसों में सफर के दौरान कोविड-19 नियमों की पालन कर खुद व परिवार को सुरक्षित रखने का आह्वान किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App