फ्रांस के राफेल का नया रिकार्ड; बिना रुके 12 घंटे तक उड़ा, 17 हजार किमी की दूरी तय की

By: Jun 27th, 2021 12:08 am

एजेंसियां — पेरिस

राफेल लड़ाकू विमान ने बिना रुके 12 घंटे तक उड़ान भरकर नया रिकार्ड कायम किया है। इस फ्रांसीसी लड़ाकू विमान ने प्रशांत महासागर में स्थित एयरबेस की यात्रा के दौरान 12 घंटे में 17000 किलोमीटर की दूरी तय की। आज से पहले कोई भी राफेल विमान इतनी दूरी तक बिना रुके यात्रा नहीं कर पाया है। इससे पहले फ्रांस से भारत की 6700 किलोमीटर की दूरी राफेल लड़ाकू विमान बिना रूके तय कर चुके हैं। फ्रांसीसी वायुसेना के एयर टू एयर रिफ्यूलिंग ऑपरेटर मेजर पियरिक ने बताया कि हम यूरोप के एकमात्र ऐसे देश हैं, जो हमारे ठिकानों से 17000 किलोमीटर की दूरी तक ऐसी उड़ान भरने में सक्षम हैं।

राफेल विमानों ने यह दूरी कैलिफोर्निया से उड़कर दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित फ्रांसीसी एयरबेस ताहिती तक पहुंचने के दौरान तय की है। इस दौरान राफेल विमान में हवा में ही सात बार ईंधन भरा गया। फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार, ताहिती जाने के लिए तीन राफेल लड़ाकू विमानों सहित फ्रांसीसी वायुसेना के सात विमानों ने फ्रांस से उड़ान भरी थी। पहली बार की उड़ान में वे अमरीका के कैलिफोर्निया स्थित एयरबेस पर पहुंचे। यहां से दूसरी बार की उड़ान में उन्होंने रिकार्ड बनाते हुए ताहिती में सुरक्षित लैंडिंग की। इस रिकार्ड उड़ान के दौरान राफेल लड़ाकू विमान में सात बार एयर टू एयर रिफ्यूलिंग की गई। राफेल के जरिए फ्रांस इंडो पैसिफिक क्षेत्र में अपना ताकत दिखा रहा है। फ्रांस से बाहर भी इस देश के कई सैन्य ठिकाने रणनीतिक स्थानों पर बने हुए हैं। ये विमान उन जगहों से उड़ान भरकर पूरी दुनिया में निगरानी रखते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App