टोक्यो में गोल, चंडीगढ़ हॉकी अकादमी में जश्न, एकेडमी के पूर्व ट्रेनी रूपिंदर सिंह के बेहतरीन प्रदर्शन पर जताई खुशी

By: Jul 25th, 2021 12:04 am

 चंडीगढ़, 24 जुलाई(ब्यूरो)

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की पहली जीत का जश्न चंडीगढ़ हॉकी अकादमी में भी देखने को मिला है। टोक्यो ओलंपिक के लिए गई भारतीय हॉकी टीम में चंडीगढ़ की हॉकी अकादमी के दो पूर्व ट्रेनी खेल रहे हैं। इनमें रूपिंदर पाल सिंह और गुरजंट सिंह का नाम शामिल है। शुक्रवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में रूपिंदर पाल सिंह ने गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

चंडीगढ़ हॉकी अकादमी के कोच गुरमिंदर सिंह ने बताया कि ओलंपिक का पहला मैच काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने मैच की शुरुआत में ही आक्रामक खेलना शुरू कर दिया था। बावजूद इसके टीम इंडिया शानदार खेली और जीत हासिल की। हॉकी चंडीगढ़ के सेक्त्रेटरी अनिल वोहरा ने बताया कि टीम इंडिया ने शानदार जीत हासिल की है।

मेडल जीतने पर चानू-ट्रेनर को बधाई

चंडीगढ़। पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने टोक्यो ओलंपिक में पहला पदक जीतने वाली वेटलिफ्टर साईखोम मीराबाई चानू को देश का गौरव बताया है। चानू के साथ सोढी ने उनके सहायक प्रशिक्षक और पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर संदीप कुमार को भी बधाई दी। संदीप कुमार जालंधर के गांव बड़ा के रहने वाले हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि हमारा पहला मेडल, साईखोम मीराबाई चानू को टोक्यो ओलंपिक्स में रजत पदक जीतने पर बधाई, जिसने महिलाओं के 49 किलो भार वर्ग में कुल 202 किलो भार उठाया। मुख्यमंत्री ने चानू के सहायक प्रशिक्षक संदीप कुमार को भी बधाई देते हुए कहा कि प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में चानू ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए भारत का नाम रोशन किया है।

मेडल जीतना गर्व की बात

मोहाली। गांव रायपुर में खेल किट बांटने पहुंचे आजाद समूह के पार्षद और युवा नेता सरबजीत सिंह समाना ने ग्रामीणों के साथ अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि भारत ने टोक्यो ओलंपिक में पहला पदक जीता है, जो पूरे भारत के लिए गौरव का विषय है। सरबजीत सिंह समाना ने गांव-गांव खेल किट बांटने के अभियान से खिलाडि़यों में खासा उत्साह देखने को मिला है। इस अवसर पर जुझार नगर के हरजीत सिंह, पंच आरपी शर्मा, जसपाल मटौर, पिंटू, अमन, डेविड, हर्ष करणवीर,  गोलू आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App