सुजानपुर अस्पताल को नौ डाक्टर

By: Jul 23rd, 2021 12:52 am

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सक्रिय होते ही विकास कार्यों के साथ भरे गए खाली पद, मरीजों को मिलेगा लाभ

स्टाफ रिपोर्टर-सुजानपुर
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सक्रिय होते ही विकास कार्यों के साथ-साथ अब तक विभागों में जो पद रिक्त चल रहे थे उन्हें भी भरा जाना शुरू हो गया है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सिविल अस्पताल सुजानपुर में रिक्त चल रहे डाक्टरों के पदों को भर दिया है। सुजानपुर भाजपा मंडल और शहरी इकाई का प्रतिनिधिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से सुजानपुर सिविल अस्पताल में रिक्त चल रहे डाक्टरों के पदों को भरने के लिए मांग पत्र लेकर मिलने गए थे और इस जनहित की मांग को शीघ्र-अतिशीघ्र पूरा करने की गुहार लगाई थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने जनहित की इस मांग को पूरा करवाने का आश्वासन दिया था। उनके किए गए प्रयास अब सार्थक हो गए हैं, जिससे सुजानपुर की जनता को लाभ मिलेगा। सुजानपुर में अब नौ डाक्टर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार ने सिविल अस्पताल सुजानपुर में रिक्त चल रहे डाक्टरों के पदों को भर दिया है। कुल मिलाकर सिविल अस्पताल सुजानपुर में अब नौ डाक्टर इसके साथ-साथ नेत्र एवं दंत चिकित्सक और खंड स्वास्थ्य अधिकारी अलग से तैनात किए गए हैं, जो नियमित रूप से यहां पर पहुंचने वाले तमाम रोगियों को स्वास्थ्य लाभ देंगे।

सिविल अस्पताल सुजानपुर लोगों के लिए स्वास्थ्य लाभ लेने का मुख्य बिंदु है। यहां पर स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए हमीरपुर जिला के साथ-साथ कांगड़ा और मंडी के लोग भी पहुंचते हैं। ऐसे में यहां पर डाक्टर न मिल पाने के कारण लोग अकसर परेशानी का सामना करते थे और लगातार प्रदेश की लचर स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकार को कोसते हुए नजर आते थे, लेकिन अब प्रदेश सरकार ने सिविल अस्पताल सुजानपुर में डाक्टरों की एक लंबी फौज लोगों की सेवा में खड़ी कर दी है। इसके लिए सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष अंकुश गुप्ता ,मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, सुजानपुर शहरी इकाई अध्यक्ष सुमन महाजन, सचिव सुधीर भटनागर, आईटी सैल प्रभारी हिमांशु शर्मा, रमन धीमान, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक मेहरा, पूर्व उपाध्यक्ष कमलेश कुमारी, वर्तमान उपाध्यक्ष पवन कुमार, भाजपा समर्थित वार्ड पार्षदों ने प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार, धूमल कैबिनेट मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सहित प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री राजीव सहजल का धन्यवाद किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App