….तो बीपीएल से कटेगा नाम

By: Jul 26th, 2021 12:01 am

दयाल नैहरनपुखर की प्रधान ने टल्ली रहने वालों को जारी किया फरमान, वार्ड सदस्यों ने जताई सहमति

स्टाफ रिपोर्टर-गरली
ग्राम पंचायत दयाल नैहरनपुखर में अगर आप बीपीएल सूची में है, तो यह खबर खास आपके लिए है। जी हां आपके परिवार का कोई भी सदस्य शराब या अन्य नशे में टल्ली होकर कहीं सड़क पर घूमता हुआ पकड़ा गया, तो समझो आपको बीपीएल परिवार सूची से हाथ धोना पड़ सकता है। ग्राम पंचायत दयाल नैहरनपुखर में नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान पर महिला प्रधान ममता देवी व उप प्रधान अजय कुमार ऊर्फ जफ्फा ने इस बारे सख्त फरमान जारी करते हुए दिशा निर्देश जारी किए है। पंचायत के इस निर्णय पर स्थानीय वार्ड के अन्य पंचायत सदस्यों ने भी अपनी सहमति जताते हुए शपथ ली है।

यह निर्णय उन लोगों को सबक सिखाने के लिए लिया गया है, जो रोजाना शराब के नशे में धुत रहते हंै और बीपीएल की सूची में शामिल होने के लिए गरीब बने हुए हैं। प्रधान ममता देवी व उप प्रधान अजय कुमार ने बताया कि जो लोग रोजाना 200-300 रुपए की शराब पी जाते हैं, वो आज के जमाने में गरीब नहीं है बल्कि वो गरीबी का ढोंग करके बीपीएल के फायदे उठा रहे हैं। पंचायत प्रधान ममता देवी ने चेतावनी दी है कि आज के अगर कोई बीपीएल परिवार का सदस्य नशे की हालत में पाया जाता है, तो उसका नाम तुरंत बीपीएल सूची से काट दिया जाएगा। प्रधान ममता देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत दयाल नैहरनपुखर को विकासशील, स्वच्छ और पारदर्शिता से समस्त कार्यों का करवाना ही उनका एक मात्र लक्ष्य है।

शाहपुर बाढ़ प्रभावितों को बांटा राशन
कांगड़ा। शनिवार को फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा ने गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) पीपल फॉर एक्शन के साथ मिल कर धर्मशाला एवं शाहपुर में आई बाढ़ में प्रभावित बच्चों की स्वास्थ्य जांच के लिए टोंगलेन चैरिटेबल ट्रस्ट सराहा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा की चिकित्सक टीम ने 102 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद बच्चों में विटामिन और प्रोटीन की पूर्ति करने वाली दवाइयां दी गईं। साथ ही फोर्टिस कांगड़ा की तरफ से बाढ़ प्रभावितों को आश्वासन दिया गया कि अगर उन्हें किसी तरह के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ता है, तो उनका अस्पताल में मुफ्त इलाज किया जाएगा। इसके साथ ही ह्यात रिजेंसी धर्मशाला द्वारा बाढ़ प्रभावितों को राशन वितरित किया गया। इस मौके पर टोंगलेन चैरिटबल ट्रस्ट, सराहा की तरफ से नमिता और लक्ष्मी और हायत रिजॉर्ट धर्मशाला की तरफ से अंकिता ठाकुर मौजूद रहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App