लोकसभा-विधानसभा उपचुनाव जीतेंगे

By: Jul 26th, 2021 12:17 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- बिलासपुर
भाजपा महिला मोर्चा ने तीन हलकों और एक संसदीय क्षेत्र में होने जा रहे उपचुनाव के अलावा 2022 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। महिला मोर्चा ने वन बूथ 20 प्रतिपालिका कैंपेन पर भी पूरा फोकस किया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड की नवनियुक्त वाइस चेयरमैन रश्मिधर सूद नेे सभागार में जिलाध्यक्ष भुवनेश्वरी लुम्बा की अध्यक्षता में आयोजित जिलास्तरीय बैठक में भाग लेने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उपचुनाव और इसके बाद विधानसभा चुनाव में महिला मोर्चा की अहम भूमिका रहेगी जिसके लिए अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रदेशाध्यक्ष ने दावा किया कि एक लोकसभा व तीनों विधानसभा चुनाव में भाजपा का भगवा लहराएगा। महिला पदाधिकारियों के साथ जिलास्तर पर बैठकों का दौर चल रहा है और शनिवार को बिलासपुर जिला की मीटिंग में भाग लिया। इस बैठक में कोरोनाकाल में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने गरीब लोगों की मदद के लिए जो कार्य किया उसकी समीक्षा की गई।

रश्मिधर सूद के अनुसार तीन हलकों और एक संसदीय क्षेत्र का उपचुनाव नजदीक है लिहाजा महिला मोर्चा भी अपने आप को तैयार कर रहा है। इसके साथ साथ विधानसभा चुनाव पर फोकस किया है। उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा वन बूथ टवेंटी प्रतिपालिकाएं तैयार कर रहा है।
मीटिंग में महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री वंदना गुलेरिया, बाल संरक्षण बोर्ड की अध्यक्ष वंदना योगी, प्रदेश सहसचिव प्रोमिला चंदेल, जिला प्रभारी वीना शर्मा, महिला कल्याण बोर्ड की सदस्य शीतल भारद्वाज, जिलाध्यक्ष भुवनेश्वरी लुम्बा, महामंत्री अंजना चंदेल, उर्मिल कौशल, ऊषा ठाकुर, मंडलों के अध्यक्ष , पदाधिकारी व पूरी जिला कार्यकारिणी उपस्थित रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App