करंट लगने से मजदूर की मौत

By: Jul 23rd, 2021 12:46 am

बिलासपुर। सदर थाना के अंतर्गत दयोली में बिजली लाइन का ग्रिप ऑन करते समय 20 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार (20) पुत्र बटेश्वर सिंह निवासी जलाहखेड़ा जिला हरदोई उत्तर प्रदेश के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, आगामी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जितेंद्र कुमार अपने अन्य सहयोगी के साथ दयोली में बिजली कार्य में लगा हुआ था। इस दौरान ग्रिप ऑन करते समय इस मजदूर को करंट लग गया। जिससे यह मजदूर गंभीर घायल हो गया। हादसे के दौरान अन्य लोग भी एकत्रित हो गया।

वहीं, गंभीर घायल इस मजदूर को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन यहां पर इसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दयोली में एक गोशाला के साथ बिजली का पोल लगा हुआ है। इसके साथ ही एचटी टावर लगा हुआ है। इस दौारन जितेंद्र कुमार बिजली के पोल से हैंडल ग्रिप को उपर उठाने लगा तो एक जोरदार धमाका हुआ। एकदम ही तारों में जोर की स्पार्किंग होने के कारण जितेंद्र कुमार नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। बताया जा रहा है कि जितेंद्र कुमार की मौत बिजली की तारों में स्पार्किंग होने व धमाका होने के कारण हार्ट अटैक से हुई है। वहीं, अभी तक पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर राजकुमार ने बताया कि करंट लगने से मजदूर की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App