कोरोना वायरस पर हल्की राहत, देश में 41 हजार नए केस

By: Aug 1st, 2021 12:15 am

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के दैनिक मामलों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच शुक्रवार को 52 लाख 99 हजार 036 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गए। देश में अब तक 46 करोड़ 15 लाख 18 हजार 479 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार 24 घंटों में कोरोना के 41,649 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर तीन करोड़ 16 लाख 13 हजार 993 हो गया है। इस दौरान 37 हजार 291 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद इस महामारी को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर 3,07,81,263 हो गयी है। सक्रिय मामले 3765 बढ़कर चार लाख 08 हजार 290 हो गए हैं।

इसी अवधि में 593 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर चार लाख 23 हजार 810 हो गया है। देश में सक्रिय मामलों की दर घटकर 1.29 फीसदी, रिकवरी दर घटकर 97.37 फीसदी और मृत्यु दर 1.34 फीसदी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 1062 घटकर 80871 रह गए हैं। इसी दौरान राज्य में 7431 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 6083319 हो गई है, जबकि 231 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 132566 हो गया है। उधर, विश्वभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 19.73 करोड़ हो गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App