हर कोई स्तब्ध, हर तरफ शोक की लहर

By: Sep 24th, 2021 12:20 am

ऊना में सड़क हादसे में हमीरपुर के तीन जवानों की मौत से शोक की लहर, बहन ने खोया इकलौता भाई

निजी संवाददाता—भोरंज
जिला हमीरपुर के तीन युवा पुलिस जवानों की हादसे में मौत से हर कोई स्तब्ध है। भोरंज उपमंडल के दो पुलिस जवानों की मौत के चलते भोरंज क्षेत्र में शोक की लहर हैं। भोरंज उपमंडल की वाहन्वीं पंचायत के गांव झंडवीं ब्राह्मणा का 23 वर्षीय विशाल पुत्र विक्रम चंद वर्ष 2018 में पुलिस में हुआ था। उनके साथ उनके भाई अक्षय कुमार भी भर्ती हुए थे। विशाल की ड्यूटी गगरेट थाना में थी और उनके बड़े भाई अक्षय कुमार की ड्यूटी शिमला में है। विशाल की पढ़ाई-लिखाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहन्वीं में हुई और उसके बाद ये पुलिस में भर्ती हुए। घर में मां पिंकी देवी व दादी ब्यासा देवी इन्हें शालू कहकर पुकारती थीं। इनके पिता विक्रम चंद वर्षों से दिल्ली में नौकरी करते हैं।

झंडवीं गांव में मां व दादी की चीख पुकार सुनकर पूरे क्षेत्र लोग रात को ही सूचना मिलते ही उनके घर शोक मनाने पहुंच गए। बता दें कि मृतक विशाल व उनके भाई अक्षय कुमार दोनों के भर्ती होने पर परिवार काफी खुश था। भोरंज के पिदड़ता गांव बहन ने अपना इकलौता भाई खो दिया है। 25 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र सुरेश गांव पिदड़ता की मौत होने से गांव में शोक की लहर हैं। मां सुरेशा देवी ने अपना बेटा खो दिया, तो बहन रीना देवी ने अपना इकलौता भाई रिशू खो दिया है। मृतक पुलिस जवान के पिता सुरेश कुमार का देहांत हो चुका है। दादा कैप्टन पृथ्वी चंद को अपने पोते से बहुत ही लगाव था। उन्होंने इसे अपने पदचिन्हों पर चलकर भर्ती के लिए प्रेरित किया था। मां सुरेशां देवी गृहिणी हैं और बहन रीना कुमारी की शादी हाल ही में ऊना जिला में हुई है। मनोज कुमार ने बीएड, जेबीटी, बीएससी की पढ़ाई की थी। तीन पुलिस जवानों के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, विधायक कमलेश कुमारी, कमांडेंट दिवाकर शर्मा, कमल नयन, जिला परिषद सदस्य पवन कुमार के इलावा प्रशासनिक अधिकारियों उपायुक्त देबश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक डा. आकृति शर्मा सहित सभी क्षेत्रवासियों प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App