महिलाएं मजबूर नहीं, शक्ति का प्रतीक

By: Oct 22nd, 2021 12:12 am

कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने गागल-नेरचौक-रिवालसर-लेदा में चुनावी सभाओं को किया संबोधित

टीम-नेरचौक, गागल, रिवालसर
मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रही कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा है कि कांग्रेस ने क्षेत्रवाद, जातिवाद व धर्म के नाम पर कभी भी राजनीति नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही लोगों की भावनाओं से खेलते हुए अपने स्वार्थ की राजनीति करती रही है। गुरुवार को बल्ह विधानसभा चुनाव क्षेत्र के तहत गागल, नेरचौक, रिवालसर, लेदा में अपनी चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिला सशक्तिकरण को मजबूत किया।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा उन्हें मजबूर प्रत्याशी बताते हुए उनके खिलाफ जिस प्रकार का दुष्प्रचार कर रही है, उससे महिलाओं के प्रति उनकी मानसिकता दर्शाती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुझे मजबूर प्रत्याशी कहकर देश की हर महिला का अपमान कर रहे हैं। भारतवर्ष की महिलाएं मजबूर नहीं बल्कि शक्ति का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा भी खोखला साबित हुआ है। देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा इन मुद्दों से भाग रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों को मंडी की दुहाई देकर वोट मांग रहे हंै। उन्हें अपने चार वर्षों के कार्य का हिसाब जनता को देना चाहिए, इस दौरान पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि बल्ह विधानसभा चुनाव क्षेत्र सरकार की उपेक्षा के चलते आज विकास के मामले में पूरी तरह पिछड़ गया है। उन्होंने कहा जो विकास वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में इस क्षेत्र में हुआ आज वह वहीं रुका हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App