लाहुल घाटी में बर्फबारी, मनाली-लेह मार्ग बंद

By: Oct 25th, 2021 12:20 am

मनाली-लेह मार्ग पर बर्फ हटाने की मुहिम को लगी बे्रक, सिस्सू-कोकसर समेत जिला मुख्यालय केलांग में भी गिरी बर्फ

संजय भारद्वाज — केलांग
जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में ताजा बर्फबारी होने से घाटी का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मनाली-लेह मार्ग बारालाचा में अढ़ाई फुट से अधिक बर्फबारी होने के कारण पूरी तरह से बंद हो गया है। अटल टनल रोहतांग हालांकि, यातायात के लिए बहाल है, लेकिन पर्यटक वाहनों को फिलहाल लाहुल की तरफ आने नहीं दिया जा रहा। बर्फबारी से मनाली-लेह मार्ग को बहाल करने के लिए शुरू की गई बीआरओ की मुहिम को ब्रेक लग गई है। बर्फबारी के बाद लाहुल और स्पीति में कड़ाके की ठंड पड़ गई है। लोग घरों में दुबकने को विवश हो गए हैं।

समाचार लिखे जाने तक अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल पर करीब दो इंच, सिस्सू में तीन इंच, कोकसर में करीब दो इंच, बाराचाला में डेढ़ से अढ़ाई फुट, जिला मुख्यालय केलांग में करीब दो इंच ताजा बर्फबारी हुई है। घाटी में बर्फबारी का क्रम अभी भी जारी है। उधर, जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर मनाली-लेह और काजा-ग्रांफू मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर पहले ही रोक लगा दी है। मौसम की बेरुखी से घाटी में कृषि और बागबानी को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। सेब की फसल अभी बागीचों में ही पड़ी है, जबकि आलू भी खेतों में ही है। ऐसे में सेब और आलू उत्पादकों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App