अनुराग बोले, फोरलेन वक्त की जरूरत

By: Oct 3rd, 2021 12:55 am

गगल में बोले केंद्रीय मंत्री, ट्रैफिक के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए चौड़ी सड़कें जरूरी

नगर संवाददाता-गगल
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं युवा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर शनिवार को प्रात: स्पाइस जेट के विमान से हमीरपुर दौरे के लिए दिल्ली से गगल हवाई अड्डे पर आए। गगल हवाई अड्डे पर उनके स्वागत के लिए जिला प्रशासन एवं भाजपा नेता जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, प्रदेश भाजपा सचिव वरिंद्र चौधरी ने अनुराग ठाकुर का पुष्प गुच्छ भेंट करके स्वागत किया। गगल हवाई अड्डे से निकलने के बाद केंद्रीय मंत्री ने गगल बाजार में महात्मा गांधी जी की जयंती पर स्वच्छता अभियान चलाया और गगल बाजार में सफाई की। इस दौरान पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए प्रदेश में होने वाले उपचुनावों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने जा रहे तीन विधानसभा और एक लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि भाजपा भारी बहुमत से यह चुनाव जीतेगी।

उधर, केंद्रीय मंत्री से गगल बाजार के फोरलेन की जद में आने के बारे में पूछे गए सवाल में उन्होंने कहा कि इस पर केंद्र सरकार की प्रक्रिया चल रही है, जिस प्रकार वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके लिए सड़कों को चौड़ा करने की बहुत आवश्यकता है। यह समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कम से कम लोग फोरलेन की जद में आएं और लोगों को नुकसान से बचाया जा सके। इस अवसर पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ एवं गगल व्यापार मंडल के प्रधान देवेंद्र, बीडीसी चेयरमैन बबिता, कांगड़ा भाजपा मंडलाध्यक्ष सतप्रकाश सोनी, धर्मशाला मंडलाध्यक्ष अनिल, भाजपा कांगड़ा जिला अध्यक्ष चंद्र भूषण नाग, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रंजू, भाजपा जिला कांगड़ा अध्यक्ष प्रणव, जिला परिषद सदस्य कुलभाष, विशाल व सन्नी साहनी संग कई भाजपा नेताओं ने गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में इस स्वच्छता अभियान में भाग लिया ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App