मुद्दों पर मुंहतोड़ जवाब दें मतदाता

By: Oct 21st, 2021 12:56 am

स्टाफ रिपोर्टर-पद्धर
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने बुधवार को द्रंग की ग्राम पंचायत चुक्कू, उरला, गवाली, सियुन, चेली और कुन्नू में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पक्ष में नुक्कड़ सभाएं कर जनसमर्थन जुटाया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर ताबड़तोड़ हमले किए। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र पर विश्वास रखने वाली कांग्रेस और नोटतंत्र पर विश्वास रखने वाली भाजपा की विचारधारा के बीच लड़ा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तानाशाह बनकर लोकतंत्र को तहस नहस कर रहे हैं। यही वजह है कि देश भर में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। खाद्य पदार्थों की कीमतें आसमान छू रही हंै। डीजल और पेट्रोल के दाम सौ रुपए प्रति लीटर से ऊपर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद आज प्रदेश विकास के मामले में पिछड़ कर रह गया है।

विकास को तव्वजो देने के बजाय जयराम सरकार बड़े बड़े होर्डिंग लगाकर लाखों रुपए पब्लिसिटी में खर्च करती रही, जिससे आम जनता का कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस तानाशाह और भष्ट सरकार को मुंहतोड़ जबाब देने का वक्त आज आया है। मतदाता 30 अक्टूबर को कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पक्ष में मतदान कर अपना अमूल्य समर्थन दें। वहीं उन्होंने कार्यकर्ताओं से डोर टू डोर प्रचार प्रसार करने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल, टेक सिंह, डॉ. राजेंद्र, कुशाल ठाकुर, भीम सिंह, चुक्कू पंचायत उप प्रधान रमेश कुमार, नरेश चावला, राज कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App