चंबा उत्सव में दिखेगा हिमाचली रंग

By: Oct 22nd, 2021 12:21 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंबा
चंबा के ऐतिहासिक चौगान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वंदना कला मंच के तत्वावधान में बारह से चौदह नवंबर तक चंबा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। चंबा उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में चंबा व हिमाचली गायक प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते इस बार चंबा उत्सव का केबल नेटवर्क के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। यह खुलासा चंबा उत्सव आयोजन समिति के संरक्षक भुवनेश्वर शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि चंबा उत्सव के उद्घाटन मौके पर सदर विधायक पवन नैयर, जबकि समापन मौके पर भरमौर के विधाायक जियालाल कपूर मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।

उन्होंने बताया कि चंबा उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में गोजरी फेम ईशान भारद्वाज अपनी प्रस्तुति देंगे। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम ममता भारद्वाज स्वर लहरियां बिखेरेगी। चंबा उत्सव की तीसरी व अंतिम सांस्कृतिक संध्या में नाटी किंग कुलदीप शर्मा धमाल मचाकर दर्शकों को नचाएंगे। उन्होंने कहा कि चंबा उत्सव के दौरान मिस्टर एंड मिस विंटर कार्निवाल का चुनाव भी किया जाएगा। भुवनेश्वर शर्मा ने बताया कि वंदना कला मंच गत नौ वर्षों से चंबा उत्सव का सफल आयोजन करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि चंबा उत्सव में चंबा के स्थानीय गायकों व नृतक दलों को विशेष अधिमान देते हुए बेहतर मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित कर सके। उन्होंने शहरवासियों से चंबा उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में उपस्थिति दर्ज करवाकर हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति से रू-ब-रू होने का आह्वान किया है। इस मौके पर वंदना कला मंच के प्रधान सुरजीत ठाकुर व हेम सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App