अभिनेत्री कंगना रणौत को जान से मारने की धमकी, मनाली थाना में केस दर्ज

By: Nov 30th, 2021 2:59 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-मनाली

मनाली। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत को जान से मारने की धमकी मिली है। कंगना ने मनाली थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के बाद मनाली पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कंगना को धमकी मिलने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। कंगना इन दिनों मनाली में आई हुई है।

वह सिमसा गांव में बनाए गए अपने घर कार्तिकेय निवास में रह रही हैं। गौरतलब है कि अभिनेत्री कंगना रनौत ने स्वर्ण मंदिर की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए पर एक पोस्ट लिखी थी। मुंबई में हुए आतंकी हमले के शहीदों को याद करते हुए कंगना ने लिखा था कि गद्दारों को कभी माफ नहीं करना, न ही भूलना चाहिए।

इस पर कंगना को जान से मारने की धमकी मिली है। कंगना को मुंबई में हुए विवाद के बाद से वाई कैटेगरी की सिक्योरिटी दी गई है। इन दिनों कंगना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने मनाली स्थित घर कार्तिकेय निवास में छुट्टियां मना रही हैं। कंगना चार दिन पहले आराध्यदेव कार्तिक स्वामी की प्रतिष्ठा समारोह में भी शामिल हुई थी।

डीएसपी मनाली संजीव कुमार ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कंगना की शिकायत पर पुलिस ने मनाली थाना में 505, 506 और 509 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App