बिना नोटिस नौकरी से निकाले 36 कामगार

By: Jan 13th, 2022 12:19 am

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी ने जल विद्युत परियोजनाओं में रोजगार के क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ शोषण का जड़ा आरोप

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — रिकांगपिओ
किन्नौर जिले में विभिन्न जलविधुत परियोजनाओं में स्थानीय लोगों के साथ किए जा रहे शोषण को लेकर प्रदेश युवा कांग्रेस ने कड़ा संज्ञान लिया है। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि जिले में जल विधुत परियोजनाओं में रोजगार के क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ शोषण किया जा रहा है, जिसे युवा कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। बुधवार को जिले में इन परियोजनाओं के निर्माण से स्थानीय पहाडिय़ां दरकने लगी हैं, जिससे किन्नौरवासी डर के साए में जीने को मजबूर हैं। बावजूद आज यह परियोजनाएं नियमों को ताक पर रखकर स्थानीय मजदूरों के साथ शोषण कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल में भावा वैली के काफनु में रमेश हाइड्रो परियोजनाओं में 36 कामगारों को बिना नोटिस के ही नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, जो नियमों के बिलकुल विपरीत है। जबकि पिछले नौ माह का वेतन भी उन्हें कंपनी की ओर से नहीं दी गई है। स्थानीय कामगारों ने इस बारे कंपनी के स्थानीय प्रबंधन से जानना चाहा तो उन्हें उच्च अधिकारियों का बहाना बनाकर टाल मटोल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मजबूरन इन कामगारों ने आंदोलन का राह पकड़ ली है।

बुधवार को आंदोलन को 67 दिन हो गए हैं, मगर इन कामगारों के समस्याओं के समाधान के लिए कोई आगे नहीं आया है। न तो कंपनी के आला अधिकारी की ओर से इस बारे संज्ञान लिया गया है और न ही सरकार की ओर से कोई कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि भारी बर्फबारी के बीच भी इन कामगारों को आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिसे युवा कांग्रेस बिलकुल बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सरकार को चेताया कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर समस्या को नहीं सुल्जाया गया, तो हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस इन कामगारों के हित में सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App