कांगड़ा में मां की पावन पिंडी से उतरने लगा मक्खन, प्रसाद लेने के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़

कांगड़ा। शक्तिपीठ मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर में गुरुवार को मक्खन रूपी प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही मुख्य आरती के बाद पुजारियों ने माता की पावन पिंडी से मक्खन उतारना शुरू कर दिया था। माता की पिंडी के साथ मंदिर परिसर में स्थित क्षेत्रपाल पर चढ़ाया गया मक्खन भी उतारा गया।
मक्खन को उतारने के साथ ही सात दिवसीय ऐतिहासिक घृतपर्व का भी समापन हो गया। आने वाले दिनों में भी मक्खन रूपी प्रसाद श्रद्धालुओं को मिलता रहेगा। गुरुवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया व मक्खन रूपी प्रसाद प्राप्त किया। मंदिर के पुजारी अनुमप शर्मा के साथ दर्जनों युवा पुजारी आज सुबह कऱीब चार बजे माता की पिंडी से मक्खन उतारने में जुट गए थे।