COVID-19: कोरोना का खतरा: मुंबई में पहली से नौवीं तक के स्कूल बंद, बढ़ रहा ओमिक्रोन

By: Jan 3rd, 2022 4:52 pm

मुंबई। देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच मुंबई में पहली से नौवीं तक के स्कूल 31 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। यही नहीं, कोविड के नए रूप ओमिक्रोन से 23 राज्यों में 1700 व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 510 मामले हैं।

यही वजह है कि मुंबई में छोटे बच्चों के लिए स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बीएमसी ने कहा कि कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए स्कूल खुले रहेंगे। मुंबई में स्कूल बंद करने का फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब देश की इस आर्थिक राजधानी में कोरोना के मामले रफ्तार पकड़ रहे हैं।

बीएमसी को उम्मीद है कि जनवरी के अंत तक 15 से 18 साल के सभी 4.5 लाख बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। दो सप्ताह की अवधि में मुंबई में संक्रमण दर एक से बढ़कर 17 प्रतिशत हो गई है। रविवार को मुंबई में 8,000 से अधिक दैनिक कोविड-19 मामले दर्ज किए गए। मुंबई में दिसंबर में कुल 21,585 कोविड मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि पूरे नवंबर में केवल 6,125 मामले रिपोर्ट किए गए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App