राफेल नडाल पांचवें स्थान पर बरकरार, जोकोविच अभी भी नंबर एक पर कायम

By: Jan 31st, 2022 5:46 pm

नई दिल्ली। रिकार्ड 21वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले स्पेन के राफेल नडाल सोमवार को जारी ताजा एटीपी रैंकिंग में अपने पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। नडाल ने रविवार को मेलबोर्न में रूस के दानिल मेदवेदेव को पांच सेटों के संघर्ष में पराजित कर रिकॉर्ड 21वीं बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था।

इसके साथ ही वह सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर से एक कदम आगे निकल गए हैं, जिनके 20-20 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं। जोकोविच वीजा समस्या के कारण इस बार मेलबोर्न से बाहर रहे थे, लेकिन वह 11,015 अंकों के साथ नंबर एक स्थान पर कायम हैं।

मेदवेदेव 10,125 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर और जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेब 7,780 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले यूनान के स्टेफानोस सितसिपास 7,170 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बने हुए हैं। नडाल के खाते में 6,875 अंक हैं। इटली के मार्टियो बेरेटिनी 5,278 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App