लाहुल घाटी में बर्फबारी ने जाम की जिंदगी

By: Jan 10th, 2022 12:16 am

60 से अधिक सड़कें बंद, दस पेयजल योजनाएं प्रभावित, मनाली से केलांग नेशनल हाई-वे भी गाडिय़ों के लिए बंद

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — केलांग
भारी बर्फबारी ने शीत मरुस्थल लाहुल-स्पीति में जिंदगी जाम कर दी है। बर्फबारी के कारण घाटी में जनजीवन बुरी तरह से ठप हो गया है। लोग अपने घरों में दुबक गए हैं। बर्फबारी के कारण पेयजल लाइनें टूटने से घाटी में पेयजल किल्लत की समस्या हो रही है। घाटी की लगभग दस पेयजल योजनाएं बर्फबारी के कारण प्रभावित हो गई हैं। पेयजल सप्लाई नहीं होने से लोग दुर्गम प्राकृतिक स्रोत से पानी लाने को विवश हो गए हैं। कुछ इलाकों में लोग बर्फ पिघलाकर भी पानी का प्रबंध कर रहे हैं। लाहुल-स्पीति जिला में बर्फबारी का दौर जारी है। दो दिन से घाटी में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में सिस्सू में लगभग छह से सात इंच तक बर्फ गिरी है, जबकि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में एक फुट तक बर्फबारी हुई। इससे घाटी में यातायात पूरी तरह से बंद हो गया है।

बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने सिस्सू से लेकर साउथ पोर्टल तक अति आपातकाल की स्थिति में सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को ही चलाने की अनुमति दी। लाहुल-स्पीति प्रशासन ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से एडवाइजरी जारी कर इस मार्ग पर सफर करने से परहेज करने की अपील की है। जिला मुख्यालय केलांग में भी तीन से चार इंच ताजा बर्फ गिरी है। बर्फबारी के कारण लाहुल घाटी का संपर्क एक तरह से शेष विश्व से कट गया है। अटल टनल बंद होने के कारण मनाली-केलांग मार्ग पर बसों के अलावा छोटे वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह से बंद कर दी गई है, जबकि घाटी के 60 से अधिक संपर्क मार्गों पर भी यातायात पूरी तरह से ठप है। एचआरटीसी केलांग डिपो की लाहुल और पांगी क्षेत्र में चलने वाली तमाम बस सेवाएं फिलहाल बंद पड़ी हुई हैं। आरएम मंगल मनेपा ने कहा कि घाटी की तमाम बस सेवाएं फिलहाल बंद हंै।

घाटी की दस पेयजल योजनाएं प्रभावित

उधर, घाटी में पेयजल योजनाओं पर बर्फबारी का सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। पेयजल लाइनें जम जाने के कारण घाटी के लोगों को पेयजल दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, जलशक्ति विभाग के कर्मचारी भारी बर्फबारी के बीच भी पेयजल सप्लाई बहाल करने में जुटे हुए हैं। पानी की सप्लाई को सुचारू बनाए रखने के लिए फील्ड पर कार्य किया जा रहा है। शनिवार को भी कर्मचारियों को बर्फबारी के बीच पेयजल सप्लाई बहाल करते हुए मुस्तैद देखा गया था। जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी अपलोड किया है। उधर, जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विनोद धीमान ने बताया कि बर्फबारी के कारण पेयजल लाइनें जम रही हैं। घाटी की लगभग दस पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App