बर्फबारी से थमी जिंदगी की रफ्तार

By: Jan 8th, 2022 12:20 am

लाहुल घाटी की 60 से अधिक सड़कों पर यातायात बंद, घाटी में चार दिनों से बस सेवा पर लगी ब्रेक

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — केलांग
बर्फबारी के बाद लाहुल घाटी में जनजीवन अभी भी पटरी पर नहीं लौटा है। शुक्रवार को बीआरओ ने मनाली-केलांग मार्ग फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल कर दिया है, लेकिन शुक्रवार शाम को फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। इससे घाटी के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। बर्फबारी के कारण घाटी में यातायात पूरी तरह से ठप है। एसआरटीसी केलांग डिपो के तहत लाहुल और पांगी में चलने वाली तमाम बस सेवाएं तीन दिनों से बंद हैं। केलांग-मनाली मार्ग पर भी बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। लाहुल घाटी में बर्फबारी के बाद 60 से अधिक संपर्क सड़कों पर यातायात पूरी तरह से ठप हंै। बर्फबारी की वजह से संपर्क सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।

लोग अपने घरों में ही दुबकने को विवश हैं। सबसे अधिक दिक्कत पेयजल को लेकर हो रही है। तापमान में गिरावट आने के कारण पेयजल लाइनें जम जाने से पानी का संकट गहरा गया है। कई इलाकों में लोग बर्फ पिघलाकर पानी का प्रबंध कर रहे हैं। उधर, बीआरओ ने केलांग से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक सड़क फोर बाई फोर वाहनों के लिए बहाल कर दी है। इसके बाद इस मार्ग पर फोर बाई फोर वाहन चलने शुरू हो गए हैं, लेकिन देर शाम को बर्फबारी का क्रम फिर शुरू होने से इस मार्ग के पुन: बंद होने की भी आशंका बन गई है। उपायुक्त नीरज कुमार ने बताया कि बीआरओ ने केलांग से अटल टनल तक का मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया है। इस मार्ग पर बीआरओ ने अपनी मशीनरियां लगाकार मार्ग बहाल कर दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App