सर्द हवाओं से मौसम ठंडा…गर्म कपड़ों में लिपटा सोलन

By: Jan 20th, 2022 12:55 am

आसमान में दिनभर छाए बादलों से बढ़ी ठंड; 22 जनवरी तक बारिश को रहें तैयार, शीतलहरों के चलते घरों में दुबके रहे लोग, टी स्टालों पर भीड़
राजेंद्र सिंह-सोलन
मौसम के अचानक करवट बदलते ही सोलन तथा आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर दौड़ पड़ी है। पूरा दिन आकाश में बादल छाए रहे। बादलों के छाने से क्षेत्र में चारों ओर शीतलहर का प्रकोप एक बार फिर बढ़ गया है। डा. वाईएस परमार बागबानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेलिसियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेलिसियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी को बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार 21 और 22 जनवरी को जहां ऊपर क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार नजर आ रहे हैं, वहीं नीचले व मध्यवर्तीय पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढऩे के कारण लोगों को दिन के समय ही अलावा का सहारा लेना पड़ा।

बादलों के बीच सूर्य देव मध्यम दर्शन देते रहे, लेकिन बर्फिली हवाओं का सिलसिला जारी रहा। ठंड को प्रकोप बढऩे के कारण जल्द ही सन्नाटा छाने लगा। शीतलहर का सामने करने से अच्छा लोगों ने घर वापस लौटने में ही भलाई समझी। बहरहाल देखते ही देखते मौसम के करवट बदलने से लोग एक बार फिर घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए हैं। कोरोना की बंदिशों के चलते क्षेत्र में पहले ही रौनक फिकी रही और जो रौनक दिखाई दे रही थी वह भी मौसम में बदलाव के चलते उडऩ छू होती नजर आई। क्षेत्र में अचानक ठंड बढऩे के कारण टी स्टालों में चाय की डिमांड बढ़ गई। लोगों को शीत लहर के प्रकोप से बचने के लिए आग के अलावा चाय का सहारा लेते हुए देखा गया। शीतलहर की चपेट में आने के कारण क्षेत्र में एक बार गर्म कपड़ों की डिमांड बढ़ती हुई दिखाई दी। (एचडीएम)

किसानों के चेहरे फिर खिले
मौसम के करवट बदलते ही किसानों के चेहरों पर रौनक देखते ही बनती है। खासकर वर्षा आधारित क्षेत्रों में कृषि करने वाले किसानों का तो मानो खुशी का ठिकाना ही रहा। गौरतलब है कि वर्षा आधारित क्षेत्रों में समय पर वर्षा न होने के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान की स्थिति से गुजरना पड़ता है। इसलिए वर्षा पर आधारित किसानों के लिए मौसम का करवट बदलना किसी वरदान से कम नहीं होता।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App