बिलासपुर की बेटी देश भर में अव्वल

By: Mar 21st, 2022 12:02 am

‘आत्मरक्षा कलम बिजनेस आइडिया के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय मध्य प्रदेश ने नवाजीं

स्टाफ रिपोर्टर— घुमारवीं
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हुई प्रतियोगिता में आत्मरक्षा कलम के बिजनेस आइडिया के लिए घुमारवीं की तमन्ना शर्मा को डा. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मध्य प्रदेश में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बिलासपुर के छोटे से गांव की इस लड़की ने यह उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम चमकाया है। तमन्ना मूलत: गांव बम तहसील घुमारवीं, बिलासपुर की निवासी हैं।

वह वर्तमान में एमसीएम डीएवी कालेज फॉर वूमन सेक्टर-36, चंडीगढ़ में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। हाल ही में तमन्ना ने 15 मार्च, 2022 को डा. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर मध्य प्रदेश में आयोजित पुरस्कार समारोह में भाग लिया। उसने आत्मरक्षा कलम, एक ऐसा पैन जो जीपीएस और चाकू जैसे उपकरणों से लैस होगा, का नमूना तैयार कर एक नवीन व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किया। इस पैन का प्रयोग मुसीबत के समय सुरक्षा उपकरण के रूप में किया जा सकता है। तमन्ना के इस बिसनेस आइडिया को आजादी का अमृत महोत्सव के तहत उपर्युक्त विश्वविद्यालय के कौशल विकास, प्लेसमेंट और स्टार्टअप सेल में प्रस्तुत किया गया था। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तमन्ना के बिजनेस आइडिया को प्रथम स्थान पर चयनित किया गया। उसे पुरस्कार राशि के रूप में 5100 रुपए और विश्वविद्यालय के कुलपति से एक योग्यता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया है। तमन्ना ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता सविता शर्मा, पिता सुरेश शर्मा और गुरुजनों को दिया है। तमन्ना अपने उपकरण को साकार रूप प्रदान करने के लिए इन्वेस्टर्स की राह भी तलाश रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App