Himachal News: मंडी-पठानकोट फोरलेन को 696 करोड़, सिहुणी से राजोल तक होगा निर्माण
पवन कुमार शर्मा—धर्मशाला
पठानकोट-मंडी फोरलेन के निर्माण में अब तेजी आएगी। इसके लिए केंद्र ने 696 करोड़ का बजट मंजूर कर दिया है। जिला कांगड़ा में एनएच 154 मंडी-पठानकोट के तहत फोरलेन निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बजट जारी करने की जानकारी ट्वीट करके दी है। यह बजट सिहुणी से राजोल तक फोरलेन निर्माण, पुनर्वास व उन्नयन के लिए जारी किया गया है। पठानकोट-मंडी फोरलेन के दूसरे चरण के निर्माण के लिए केंद्र ने यह बजट स्वीकृत किया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट करके इस संबंध में जानकारी सांझा की।
उन्होंने अपने ट्वीट में स्पष्ट किया है कि पठानकोट-मंडी फोरलेन के लिए सिहुणी से राजोल तक पुनर्वास एवं उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए 696.65 करोड़ रुपए जारी किए हैं। इस बजट से फोरलेन का निर्माण कार्य और प्रभावितों को दिए जाने वाली मुआवजा राशि का प्रबंध किया जाएगा। फोरलेन निर्माण से संबंधिम क्षेत्र के सैकड़ों लोग फोरलेन की जद में आ रहे हैं। फोरलेन के पहले चरण का कार्य कंडवाल से लेकर सिहुणी तक चल रहा है। वहीं, अब दूसरे चरण में सिहुणी से राजोल तक करीब दस से 12 किलोमीटर के स्लैब के निर्माण का कार्य भी अब शुरू हो जाएगा। बताया जा रहा है कि कंडवाल से सिहुणी तक फोरलेन के निर्माण की जद में करीब 750 इमारतें आ रही हैं। इसके अलावा लोगों की जमीनें भी हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से प्रभावितों को मुआवजा राशि दी जा रही है, नूरपुर प्रशासन ने अभी तक फोरलेन निर्माण के लिए अधिग्रहण की गई जमीन के मुआवजे की कुल 144 करोड़ की राशि में से अभी तक 121 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि फोरलेन प्रभावितों को वितरित कर दी है। (एचडीएम)
पहले चरण में 28 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण
पहले चरण में फोरलेन निर्माण को लेकर करीब 28 हेक्टेयर जमीन अधिकृत की गई है और इससे लगभग 3900 लोग प्रभावित हुए हैं तथा प्रशासन को इसके लिए 144 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। प्रशासन ने इसमें से करीब 121 करोड़ रुपए फोरलेन प्रभावितों को वितरित कर दिए हैं। प्रशासन ने फोरलेन निर्माण के लिए करीब 15 हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन और अधिग्रहण की है, जिसका लगभग 41 करोड़ रुपए का मुआवजा आंका है, इससे करीब 130028 लोग प्रभावित हुए है। उपमंडल नूरपुर के तहत कंडवाल से लेकर भेडख़ड्ड तक करीब 31 किलोमीटर लंबा फोरलेन बनेगा, इसमें 31 मुहाल के लगभग 5200 लोग प्रभावित हुए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
