अजय ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल के कार्यकारी अध्यक्ष

By: Apr 25th, 2022 12:21 am

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
साहित्य के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की नामी संस्था ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल के संचालन के लिए कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। सिरमौर चैप्टर के अध्यक्ष अजय शर्मा को इस संस्था का प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा संस्था के चीफ पैटर्न एवं पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने कुल्लू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध एवं वरिष्ठ साहित्यकार जयदेव विद्रोही इस संस्था के आजीवन व संस्थापक अध्यक्ष हैं, लेकिन उनका स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण संस्था के कार्य को चलाने के लिए अजय शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। अजय शर्मा ऑल इंडिया बॉडी बिल्डर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव भी हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैंं। साथ ही सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी संस्था, दि पांवटा एजुकेशन डिपार्टमेंट थ्रिफ्ट एंड क्रेडिट सोसायटी लिमिटेड के अध्यक्ष भी हैं। वहीं भारत विकास परिषद शाखा के संस्थापक सदस्य हैं। अजय शर्मा वर्तमान में ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल संस्था के सिरमौर चैप्टर के अध्यक्ष पद पर आसीन है। इसके अलावा वह प्रदेश एवं जिला स्तर की विभिन्न संस्थाओं से सीधे रूप से जुड़े हुए हैं। विगत वर्षों में ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल पंजीकृत संस्था के कार्यक्रम का अभूतपूर्व आयोजन पांवटा साहिब में करवाने के साथ-साथ संस्था की गतिविधियों का विस्तार उत्तराखंड के विकासनगर, हरियाणा के पंचकूला आदि में भी बहुमूल्य योगदान प्रदान कर चुके हैं।

इन सब उपलब्धियों के चलते ऑथर्स गिल्ड ऑफ हिमाचल प्रदेश के मुख्य संरक्षक ठाकुर सत्य प्रकाश जी ने सभी की आम सहमति से अजय शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की। अजय शर्मा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। ऑर्थर्स गिल्ड के फाउंडर अध्यक्ष जयदेव विद्रोही ने अजय शर्मा को बधाई देते हुए कहा है कि हमें पूरी उम्मीद है कि वह अपने कार्य पर खरा उतरेंगे। डा. विभा नाजली, शिमला से अश्वनी वर्मा, सिरमौर जिला के वरिष्ठ उपप्रधान जीवन प्रकाश जोशी, डा. सूरत ठाकुर, सतीश कौड़ा, पीसी बौद्ध, धनेश गौतम, डीआर गौतम, अनुरंजनी, कुमुद शर्मा, बिंदु शर्मा, फिरासत उल्ला खान, किशन सहित तमाम साहित्यकारों ने अजय शर्मा को शुभकामनाएं दी। अजय शर्मा ने संस्था के मुख्य संरक्षक सत्य प्रकाश ठाकुर, संस्थापक अध्यक्ष जयदेव विद्रोही, महासचिव रमेश मस्ताना, प्रदेश कार्यकारिणी के महत्त्वपूर्ण घटक प्रभात शर्मा, सुशील कुमार एवं प्रदेश कार्यकारिणी का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App