तीर्थन में गुपचुप बदल दिया पुल का डिजाइन

By: May 25th, 2022 12:20 am

शिल्ल-शरूंगर सड़क पर बने पुल को स्टील ट्रस के बजाय बना दिया बनाया बैली ब्रिज, गुस्साए ग्रामीणों ने दी आंदोलन की धमकी

मोहर सिंह पुजारी-कुल्लू
पुल का डिजाइन कुछ और बनाया कुछ और ही। ऐसी धांधली और जनता को धोखा, गुमराह करने का कारनामा जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल की तीर्थन घाटी में सामने आया है। लोक निर्माण विभाग के कारनामे से जनता ने सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुल डिजाइन के बदलने को लेकर स्थानीय विधायक को भी आड़े हाथों लिया है। पुल का डिजाइन लोक निर्माण विभाग ने क्यों बदला, किसके कहने पर बदला, इसकी जांच करने की क्षेत्र के लोगों ने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई है। लिहाजा, पुल का डिजाइन बदलने पर शिल्ही पंचायत की जनता में रोष पनपा हुआ है। बता दें कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बठाहड़ से शरूंगर रोड़ पर पलाचन खड्ड पर पुल बना है।

यहां पर शिलान्यास के दौरान जो पुल डिजाइन का बोर्ड लगाया है उसमें 40 मीटर स्पैन स्टील ट्रस पुल का निर्माण कार्य उपसंरचना और दृष्टिकोण के अधीन 2018-19 का जिक्र किया गया है। टाइप स्टील ट्रस पुल लिया गया है। लंबाई 40 मीटर लिखी है। सीमेंट कंकरीट के विवरण में कंकरीट 97.75 घन मीटर, एम-10-21.590 घन मीटर, एम-20-879 घन मीटर और एम-25-39.890 घन मीटर और पुल निर्माण में पयोग किया जाने वाला सरिया एफई-415-22.06 मीट्रिक टन लिखा गया है। लेकिन जो यहां बोर्ड में डिजाइन बताया गया था, उस आधार पर पुल का निर्माण कार्य नहीं किया गया है। यहां वैली ब्रिज बनाया दिया गया। यही नहीं अभी तक कार्य पूरा नहीं हो पाया है। वैली ब्रिज के निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ की राशि खर्च करने का अनुमान है। उपप्रधान मोहर सिंह ठाकुर का कहना है कि बठाहड़ से शिल्ह शरूंगर सड़क पर केंद्र सरकार से स्टील ट्रस बिज बनना प्रस्तावित था। भूूमिपूजन भी ट्रस ब्रिज का हुआ है। गोविंद सिंह ठाकुर ने भूूमिपूजन 2019 में किया है। (एचडीएम)

क्या कहते हैं सहायक अभियंता रोशन लाल
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रोशन लाल कहना है कि पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। पुल की कॉस्ट और एरिया स्नोबांड, एवलॉचिंग के कारण पुल के डिजाइन को बदला गया है। क्योंकि बर्फ के मौसम में दिक्कत आ सकती थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App