त्रिदेव सम्मेलन में भाजपा ने झोंकी ताकत

By: Jun 24th, 2022 12:19 am

सोलन पुलिस ग्राउंड में कार्यकर्ताओं में दिखा जोश,सरकार की योजनाओं पर बांटी जानकारी

मोहिनी सूद-सोलन
सोलन के पुलिस ग्राउंड में आयोजित भाजपा के त्रिदेव सम्मेलन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखा। भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए सम्मेलन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, सांसद सुरेश कश्यप सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए विधायक नाहन डा. राजीव बिंदल सहित जिला सोलन मंडल के सभी पदाधिकारियों ने उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं को सम्मानित किया और सम्मेलन में भाग लेने आए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इस मौके पर संबोधित करते हुए राज्य भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि त्रिदेव भाजपा के स्तंभ हैं और पार्टी तभी मजबूत हो सकती है जब स्तंभ मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पालक उस बूथ के प्रत्येक मतदाता के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता को जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने अपने संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह त्रिदेव सम्मेलन आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगा। जन संघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि डा. मुखर्जी एक विचारक, राष्ट्रवादी और शिक्षाविद थे तथा उन्होंने हमेशा ही कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत के एकीकरण के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने प्रदेश के लोगों के प्रति लगाव रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने प्रदेश में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा किए गए बेहतरीन कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र की अनेक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाने से वंचित रह गए राज्य के लोगों को लाभान्वित करने के लिए मुख्यमंत्री ने अनेक नई योजनाएं शुरू की है। उन्होंने युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती करने के लिए केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के लाभ के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की। जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरुवार का दिन शिमला संसदीय क्षेत्र के लिए महत्त्वपूर्ण है। त्रिदेव का मतलब है ब्रह्मा विष्णु महेश और वहीं कार्य बूथ स्तर पर भाजपा के कार्यकर्ता करते है। उन्होंने कहा कि पार्टी में विभिन्न दायित्व होते है,लेकिन हो काम बूथ स्तर पर एक कार्यकर्ता करता है वो एक पार्टी के लिए अहम है,उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर बैठा कार्यकर्ता पार्टी के लिए मिल का पत्थर साबित होता है और ऐसे ही कार्यकर्ता से मिलकर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। सीएम जयराम ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जितने भी मुख्यमंत्री आज तक हिमाचल प्रदेश में हुए हैं वह ओक ओवर में ही रहे हैं ऐसे में लगातार वो इसको लेकर सवाल उठा रहे हैं कि उसे खाली कर दें। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मुकेश बयानबाजी कर रहे है। जयराम ने कहा कि जनता के सहयोग से ही भाजपा जीती और सता में आई, उन्होंने कहा कि अभी तक के सरकार के कार्यकाल में हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास किया गया है। वहीं सम्मेलन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने संबोधन में कार्यक्रम प्रभारी व नाहन के विधायक डाक्टर राजीव बिंदल का जिक्र करना भूल गए। (एचडीएम)

प्रदेश में सभी त्रिदेव सम्मेलन रहे सफल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने पुलिस मैदान में त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र के कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने इस विशाल सम्मेलन को देखने के लिए लंबी यात्रा तय की है, जिसने हिमाचल में इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि हम तब तक काम करेंगे जब तक हम हिमाचल में एक बार फिर मजबूत सरकार बनाने के अपने लक्ष्य को हासिल नहीं कर लेते। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सभी त्रिदेव सम्मेलन पूरी तरह सफल रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App