शिमला में संकट, पेट्रोल पंप भी सूखे

By: Jun 14th, 2022 12:21 am

तेल कंपनियों की ओर से आपूर्ति कम करने से ड्राइवरों को झेलनी पड़ रहीं दिक्कतें

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल का संकट पैदा हो गया है। कई जगह पेट्रोल पंप पर तेल खत्म हो गया है। तेल कंपनियों की तरफ से आपूर्ति कम करने से पेट्रोल की कमी हो गई है। कई कंपनियां घाटे में होने की दुहाई दे रही है तो कई कंपनियों के पास सप्लाई ही नहीं पहुंची है।

सूबे में चार कंपनियों भारत पेट्रोलियम, हिंदोस्तान पेट्रोलियम, इंडियन आयल व रिलायंस की ओर से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति की जा रही है। जानकारी के अनुसार पहले दाम बढ़ जाने के कारण वाहन चालक और लोग परेशान होकर रह गए थे और सरकार ने एक्साइज ड्यूटी कम कर लोगों को राहत दी है तो तेल की सप्लाई सुचारू रूप से न होने के कारण परेशानी से दो चार होना पड़ रहा है। तेल कंपनियों की तरफ से आपूर्ति कम करने से हिमाचल में कई जगह पेट्रोल की कमी हो गई है। कई पंप पर तीसरे दिन पेट्रोल का टैैंकर मिल रहा है। पहले से उपलब्ध पेट्रोल ही ग्राहकों को दिया जा रहा है। प्रदेश में कई जगह पेट्रोल पंप से ग्राहकों को खाली हाथ भी लौटाया गया है। बताया जा रहा है तेल कंपनियां घाटा बताकर कम सप्लाई कर रही है। संजौली स्थित डीडी मेहता पेट्रोल पंप पर रविवार शाम को मांग अधिक होने के कारण यहां पेट्रोल डीजल खत्म हो गया और सोमवार को यहां कर्मचारी बैठे रहे। देर शाम तक यहां टैंकर पहुंचा है। लठ एचपी सेंटर तीन दिन छोडक़र पेट्रोल मिलने और मांग अधिक होने के कारण यहां भी तेल नहीं मिल रहा है। राजधानी में रिलायंस के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की सप्लाई कम चल रही है। इस कारण रिलायंस के पेट्रोल पंप से कई बार वाहन चालकों को बिना तेल भरवाए ही खाली लौटना पड़ रहा है। बताया जाता है कि रिलायंस में यह समस्या काफी समय से चल रही है, लेकिन अब अन्य कंपनियों में भी समस्या हो रही है। इस कारण चालकों की परेशानी बढ़ गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App