मोरसिंघी नर्सरी की सात हैंडबाल प्लेयर भारतीय टीम में शामिल

By: Jun 15th, 2022 12:02 am

टीम इंडिया बीच यूथ वल्र्ड स्पर्धा के लिए रवाना

 बरठीं के चंदन ठाकुर कोच

दिव्य हिमाचल ब्यूरो -बिलासपुर
14 से 19 जून तक ग्रीस में होने वाली यूथ बीच हैंडबाल वल्र्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय यूथ महिला टीम भी भाग लेगी। हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष भरत साहनी ने बताया कि भारत का पहला मैच यूक्रेन, दूसरा ब्राजील व तीसरा मैच स्पेन से होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय यूथ महिला टीम में दस महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं। गर्व की बात है कि हिमाचल के बिलासपुर जिला के घुमारवीं में चल रही मोरसिंघी हैंडबॉल नर्सरी की सात खिलाड़ी टीम में है। इसके साथ ही बरठीं से संबंधित हैंडबाल कोच चंदन ठाकुर भारतीय टीम के कोच नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय यूथ महिला टीम में नर्सरी की सात खिलाडिय़ों में संजना कुमारी, अनुपम, बबीता शर्मा, गुलशन, मानसी चौधरी, कृतिका ठाकुर व अंजली ठाकुर शामिल हैं। भारतीय यूथ महिला हैंडबॉल टीम कप्तानी भी नर्सरी की खिलाड़ी संजना कुमारी को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि साई कृष्णा, विजय कुमार, संदीप नारायण एचएफआई ऑफिशियल, ज्योति शुक्ला असिस्टेंट मैनेजर, आंनद मैनेजर, करील डिसूजा कोच के रूप में भारतीय टीम के साथ हैं। इसके अलावा भारतीय ओलंपिक्स संघ के कोषाध्यक्ष व भारतीय हैंडबॉल संघ उपाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडे भारतीय दल के हैड ऑफ डेलिगेट होंगे। हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष भरत साहनी, कोषाध्यक्ष टीपी चोपड़ा व अन्य सदस्यों ने भारतीय यूथ महिला टीम में मोरसिंघी हैंडबॉल नर्सरी की सात खिलाडिय़ों के चयन पर खुशी व्यक्त की है।

पांवटा की अंजलि अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा को ग्रीस रवाना
पांवटा साहिब। पांवटा साहिब के गिरिपार क्षेत्र मस्त भोज की खिलाड़ी अंजलि ग्रीस में अंतरराष्ट्रीय महिला यूथ बीच हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए सिलेक्ट हुई हैं। अंजलि ग्रीस में होने वाली चैंपियनशिप के लिए रवाना हो गईं। अंजलि का चयन होने पर सिरमौर में खुशी का माहौल है। शारीरिक शिक्षा संघ के प्रधान वीर सिंह ठाकुर ने इस उपलब्धि पर उनके कोच और अंजलि को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App