वल्र्ड हैंडबाल चैंपियनशिप को वूमंस टीम स्लोवेनिया रवाना, हिमाचली बेटियां भी शामिल

By: Jun 21st, 2022 12:05 am

22 जून से तीन जुलाई तक चलेगी अंडर-20 स्पर्धा

कार्यालय संवाददाता— बिलासपुर
स्लोवेनिया में अंडर-20 वल्र्ड हैंडबाल चैंपियनशिप का आयोजन 22 जून से तीन जुलाई तक होगा। अलमाटी में भारतीय अंडर-20 एशियन चैंपियनशिप में भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर वल्र्ड चैंपियनशिप के लिए क्वॉलिफाई किया था। अब 16 सदस्यीय भारतीय महिला टीम स्लोवेनिया के लिए रवाना हो गई है। टीम के साथ कोच के रूप में डाक्टर सुनील कुमार, सचिन चौधरी व मनीषा राठौर गए हैं। भारतीय महिला हैंडबाल टीम में पांच खिलाड़ी हिमाचल के बिलासपुर जिला के मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी की हैं। इनमें प्रियंका ठाकुर, भावना शर्मा, जस्सी, ईशा कुमारी व चेतना देवी शामिल हैं।

भारतीय अंडर-20 महिला टीम की कप्तानी नर्सरी की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रियंका ठाकुर को सौंपी गई है। मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी की संचालिका व कोच स्नेहलता ने कहा कि अलमाटी में बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब उनकी खिलाडी वल्र्ड चैंपियनशिप में भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगी व देश के लिए मेडल लेकर आएंगी। उधर, भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष व भारतीय हैंडबाल संघ उपाध्यक्ष डाक्टर आनंदेश्वर पांडे, भारतीय हैंडबाल संघ के अध्यक्ष जगनमोहन राव, महासाचीव डाक्टर तेजराज सिंह, कोषाध्यक्ष विनय कुमार, हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष भरत साहनी, कोषाध्यक्ष टीपी चोपड़ा ने भारतीय टीम को बधाई दी है। उधर, भारतीय हैंडबाल संघ महासचिव तेजराज सिंह ने बताया कि वल्र्ड चैंपियनशिप के लिए इंडिया टीम रवाना हो गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App