जोगिंद्रनगर के लिए 140 करोड़ की दो परियोजनाओं को मंजूरी

By: Aug 10th, 2022 12:10 am

81 गांवों की 3650 हैक्टेयर जमीन को मिलेगा पानी

कार्यालय संवाददाता — जोगिंद्रनगर
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई) के तहत जोगिंद्रनगर विस क्षेत्र को लगभग 140 करोड़ रुपए की लागत वाली दो सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। इन दोनों सिंचाई परियोजनाओं के निर्मित होने से जोगिंद्रनगर विस क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों के 81 गांवों की लगभग 3650 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित होगी। इन दोनों सिंचाई परियोजनाओं की टैंडर प्रक्रिया को भी पूर्ण कर लिया गया है तथा जल्द ही इनका शिलान्यास होने पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस बात की पुष्टि करते हुए जलशक्ति मंडल चौंतड़ा के अधिशाषी अभियंता प्रदीप चड्ढ़ा ने बताया कि जोगिंद्रनगर विस क्षेत्र के लडभड़ोल व चौंतड़ा क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत लगभग 140 करोड़ रूपये की दो बड़ी सिंचाई परियोजनाएं जिनमें लडभड़ोल क्षेत्र के लिये 66.51 करोड़ जबकि चौंतड़ा क्षेत्र के लिये 73.30 करोड़ रूपये की परियोजना शामिल हैं को स्वीकृति मिलने के साथ-साथ इनके टैंडर भी अवार्ड कर दिए गए हैं। लडभड़ोल क्षेत्र के लिए 66.51 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत सिंचाई परियोजना से इस क्षेत्र की लगभग 1690 हैक्टेयर जमीन को पानी की सुविधा सुनिश्चित होगी। साथ ही इस परियोजना से लडभड़ोल क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों जिनमें बाग, मतेहड़, रोपड़ी, गोलवां, पीहड़-बेहडलू, ममाण-बनांदर, भड़ोल, दलेड, कथौण, ऊटपुर, खद्दर आदि शामिल हैं के अंतर्गत 64 गांवों में खेतों को पानी की सुविधा उपलब्ध होगी। इस परियोजना के निर्मित हो जाने से जनगणना 2011 के अनुसार लगभग 18 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

इस परियोजना के माध्यम से पानी वितरण करने के लिए गोलवां, पीहड़-बेहडलू, गवाला, चुल्ला तथा चिमणू में कुल छह टैंक निर्मित किए जाएंगे। इसी तरह चौंतड़ा क्षेत्र के लिए 73.30 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत सिंचाई परियोजना के तहत इस क्षेत्र की लगभग 1960 हैक्टेयर जमीन को पानी उपलब्ध होगा। इस परियोजना के माध्यम से इस क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों जिनमें मैन भरोला, टिकरी, सैंथल-पड़ैन, चौंतड़ा आदि शामिल हैं के 17 गांवों की जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इस परियोजना के माध्यम से भी विभिन्न स्थानों पर जल वितरण के लिए कुल छह टैंकों का निर्माण किया जाएगा। स्थानीय विधायक प्रकाश राणा ने जोगिंद्रनगर विस क्षेत्र के लिए 140 करोड़ की दो बड़ी सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार जताया है। साथ ही कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियांवित हो जाने से आने वाले समय में जोगिंद्रनगर विस क्षेत्र के एक बड़े हिस्से को जहां सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं का जल्द शिलान्यास करवाकर इनके निर्माण कार्य को शुरू करवाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App