Asia Cup: श्रीलंका के लिए आसान नहीं राह, 2018 से अब तक भारत के खिलाफ जीते हैं 3 मैच

By: Sep 6th, 2022 12:49 pm

दुबई। भारत और श्रीलंका के बीच आज होने वाला मैच बेहद रोमांचक और थ्रिलर होने वाला है। इतिहास पर नजर दौड़ाएं तो 2018 से श्रीलंका ने भारत के खिलाफ सात टी-20 मुक़ाबले गंवाए हैं, जबकि सिर्फ तीन में ही उन्हें जीत मिली है। इसमें भी दो जीत श्रीलंका को उस समय मिली थी, जब भारत अपनी दूसरे दर्जे की टीम लेकर कोलंबो गया था, लेकिन हाल ही में श्रीलंका ने कुछ आश्चर्यजनक प्रदर्शन दिए हैं, तो आज भी उनसे उलटफेर की उम्मीद की जा सकती है।

बल्लेबाजी की बात करें तो श्रीलंकाई बल्लेबाज़ी क्रम में कोई स्टार बल्लेबाज़ नहीं है, लेकिन उनकी बल्लेबाज़ी में गहराई है। पिछले दो मैचों में कुसल मेंडिस ने 60 गेंदों में 96 रन बनाए हैं। उनको सलामी बल्लेबाज़ के रूप में भेजना श्रीलंका के लिए काम आया है, क्योंकि उन्होंने अपने करियर के 779 टी-20 रनों में से 545 टी-20 रन सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर ही बनाए हैं। ओपनर के तौर पर उनका टी-20 स्ट्राइक रेट भी 125 से बढक़र 142 हो जाता है। वह सिर्फ़ इस एशिया कप में ही नहीं बल्कि घरेलू टी-20 सर्किट में भी श्रीलंका के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। मेंडिस के अलावा पथुम निसंका, दनुष्का गुनातिलका, भानुका राजापक्षा और दसून शानका ने भी बल्ले के साथ उपयोगी योगदान दिया है।

कप्तान शानका के नाम 2022 में 142 के स्ट्राइक रेट से 363 टी20 रन है। अगर वह फ़ॉर्म में हों तो वह टीम के सबसे विस्फ़ोटक बल्लेबाज़ हैं। स्पिन आक्रमण की बात करें, तो वनिंदु हसरंगा श्रीलंका के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। हालांकि उन्हें एशिया कप में अब तक सिर्फ़ तीन विकेट ही मिले हंै, लेकिन वह 7.45 की इकॉनमी के साथ बहुत सस्ते साबित हुए हैं, वहीं महीश थीक्षणा तो पावरप्ले में गेंदबाज़ी करने आते हैं और उन्होंने एशिया कप में सिर्फ़ 7.25 की इकॉनमी से रन दिए हैं।

इन दोनों ने इतनी अच्छी गेंदबाज़ी की है कि कप्तान शानका को दूसरे पार्टटाइम स्पिन विकल्पों चरिथ असलंका और गुनातिलका को गेंदबाज़ी कराने की ज़रूरत ही नहीं पड़ी है। इसके अलावा सितंबर 2021 से श्रीलंका ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सिर्फ़ दो मैच जीते हैं, जबकि 11 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इसी दौरान उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए सात मैच जीते हैं, जबकि चार में हार मिली है। यह दिखाता है कि श्रीलंकाई टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए कुछ अलग ही हो जाती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App