पर्यटन स्थल जोत को विकसित नहीं कर पाई सरकार

By: Sep 24th, 2022 12:57 am

सुपरहिट फिल्म में मनमोहक दृश्य समेटने के बाद पर्यटन की संभावनाओं से अविकसित जोत, देवदार के पेड़ों का देखते ही बनता है नजारा

कुलदीप शर्मा-चुवाड़ी
जोत समुद्र तल से 2300 मीटर की ऊंचाई पर एक सुंदर पर्यटन स्थल है। यह स्थान चुवाड़ी से 23 किलोमीटर की दूरी पर है और जिला से 25 किलोमीटर के फासले पर स्थित है। जोत एक बेहद खूबसूरत स्थल होने पर अभी भी यह पर्यटन की दृष्टि से विकसित नहीं हो पाया है। जिला चंबा में भटियात क्षेत्र और चंबा को जोडऩे वाला जोत बहुत प्रसिद्ध है। पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर देवदार के पेड़ों का नजारा देखते ही बनता है। यहां पर गदर जैसी सुपरहिट फिल्म में सुंदर दृश्यावलियों में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले जोत पर शोमैन स्व. राजकपूर के बाद दूसरे शोमैन कहे जाने वाले सुभाष घई जैसे निर्माता भी अपनी फिल्म ताल की शूटिंग यहां कर चुके हैं। बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में जोत की खूबसूरती को कैद किया गया है।

बावजूद इसके प्रदेश सरकार का पर्यटन विभाग जोत को पर्यटन की दृष्टि से विकसित नहीं कर पाया। सुविधाओं के अभाव से फिल्म निर्माता अब यहां नहीं पहुंच पा रहे हैं। खज्जियार तथा डलहौजी जैसे विश्व विख्यात पर्यटन स्थल होने के बावजूद जोत को कुदरती खूबसूरती के बावजूद पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित न कर पाना कहीं न कहीं प्रदेश सरकार की पर्यटन को लेकर अनदेखी को दर्शाता है। पर्यटन स्थल जोत पर लचर शौचालय की व्यवस्था पोल खोलती नजर आती है। पर्यटक यहां के वातावरण को देखकर खुश तो होते हैं लेकिन उन्हें यहां पड़ी गंदगी को देख काफी निराशा होती है। प्रशासन ने यहां पर्यटकों के बैठने के लिए वर्षाशालिका तो बनाई है लेकिन चारों तरफ मवेशियों का गोबर फैले होने से पर्यटक यहां नहीं बैठ सकते हैं। (एचडीएम)

पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी नहीं
पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर यहां पर पुलिस चौकी का अभाव आए दिन खलता नजर आता है। यहां के सुंदर पठारों पर कई दफा बाहर से आए शरारती तत्त्व समूह में शराब का सेवन करते भी देखे जाते हैं। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से यहां पर पुलिस चौकी का होना अति अनिवार्य बन जाता है। वहीं दूसरी तरफ पर्यटन स्थल पर जगह-जगह खाने-पीने वस्तुओं के खाली बिखरे रैप के साथ शराब की बिखरी बोतलें भी अमूमन पड़ी रहती हैं।

जगह-जगह गंदगी पर्यटकों को कर रही निराश
पर्यटक जोत के वातावरण को देखकर तो खुश होते हैं लेकिन उन्हें यहां पड़ी गंदगी को देखकर भी निराशा होती है। पर्यटन स्थल होते हुए भी विकास नहीं होने और सही ढंग से प्रचार-प्रसार के अभाव की वजह से ही पर्यटन को गति नहीं मिल पाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App