मार्क बाउचर होंगे मुंबई इंडियंस के नए कोच, कहा-नई चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार

मुंबई। मार्क बाउचर को मुंबई इंडियंस के नए कोच के रूप में नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल आईपीएल के 2023 संस्करण से शुरू होगा। पूर्व मुख्य कोच महेला जयवर्दना को मुंबई इंडियंस ग्रुप में एक वैश्विक पदभार दिया गया है। इसी कारण से टीम में मुख्य कोच का पद खाली भी हो गया था।
बाउचर ने इस नियुक्ति के बाद कहा कि एक फ्रेंचाइज़ी के रूप में उनके इतिहास और उपलब्धियों ने उन्हें स्पष्ट रूप से दुनिया के सबसे सफल फ्रेंचाइज़ी के रूप में स्थापित किया है। मैं इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं। इसके अलावा मैं परिणामों की आवश्यकता का सम्मान करता हूं। बाउचर ने सोमवार को इंग्लैंड से टेस्ट सीरीज़ में मिली हार के बाद साउथ अफ्रीका के कोच पद से इस्तीफ़ा देने का ऐलान किया था। वह टी20 विश्व कप के बाद टीम के कोच नहीं रहेंगे। हालांकि बाउचर के पास टी-20 फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट का लंबा अनुभव नहीं है।
बाउचर 2016 आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपिंग कोच थे। साथ ही वह केकेआर टीम के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के लिए खेल भी चुके हैं। इसके तुरंत बाद वह साउथ अफ्ऱीका घरेलू सर्किट में टाइटंस के प्रमुख कोच बने थे और इसके बाद वह साउथ अफ्रीका टीम के कोच बने। नए सपोर्ट स्टाफ़ के मौजूदा सेट-अप में अब जयवर्दना को वैश्विक प्रदर्शन प्रमुख के रूप में पदोन्नत किया गया है। वह 2017 से मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच थे। साथ ही पिछले सीजऩ तक क्रिकेट संचालन के निदेशक ज़हीर ख़ान अब क्रिकेट विकास के वैश्विक प्रमुख हैं। ये दोनों लोग अब समूह के स्वामित्व वाली तीनों टीमों का कार्यभार संभालेंगे।