चुनावी रण से हटे महेश्वर सिंह

By: Oct 29th, 2022 12:56 am

आज लेंगे अपना नामांकन पत्र वापस, हाइकमान रही मनाने में सफल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू
वरिष्ठ भाजपा नेता महेश्वर सिंह अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और अब वह शनिवार को अपना नामांकन पत्र वापस लेने जा रहे हैं। जी हां, यह बात स्वयं महेश्वर सिंह ने मीडिया को बताई और नामांकन पत्र वह शनिवार को वापस लेंगे। शिमला से लौटने के बाद शुक्रवार को भुंतर के एक निजी होटल के परिसर में पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने शिमला में हुई राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अन्य संगठन के पदाधिकारियों के बातचीत को अपने समर्थकों के साथ साझा किया। हिमाचल विधानसभा चुनावों में कुल्लू में भाजपा से बगावत कर चुनावी मैदान में उतरने वाले महेश्वर सिंह ने अपना नामांकन पत्र वापस लेने का फैसला कर लिया है। कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को भुंतर के हाथीथान में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करने के बाद हाइकमान ने उन्हें शिमला बुलाया था।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय पूर्व प्रभारी मंगल पांडे सहित संगठन के पदाधिकारियों के साथ काफी गहनता से चिंतन मनन हुआ और उसके बाद कुल्लू से उनके साथ शिमला पहुंचे लोगों ने भी अपनी बात को प्रमुखता से रखा, जिसके चलते केंद्रीय संगठन के पदाधिकारी हमारा मान सम्मान बरकरार रखने के लिए राजी हुए हैं। ऐसे में अब वह आजाद रूप से चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीं, बैठक संपन्न होने के बाद भुंतर के हाथीथान में कुछ कार्यकर्ताओं ने एक जुट होकर कहा कि मंडल अध्यक्ष और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कुल्लू मंडल में नहीं चाहिए, जिस पर महेश्वर सिंह ने उन्हें शांत करवाया। वहीं, मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए महेश्वर सिंह ने कहा कि मंडल अध्यक्ष से नराजगी शायद टिकट कटने के बाद साथ न चलने की हो सकती है। लेकिन उनका कोई कसूर नहीं है और न ही अन्य पदाधिकारी का। लेकिन बैठक के बाद भारी संख्या में बैठक के अंत में कुछ समर्थकों ने जब नाम लेते हुए अपनी बात को रखा तो दोपहर बाद वह चर्चा का विषय समर्थकों के बीच बना रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App