HP Election-2022: सत्ता में आने पर पहली ही कैबिनेट मीटिंग में 1 लाख नौकरियां और OPS

By: Oct 14th, 2022 2:47 pm

सोलन। परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने हिमाचल की जनता को कांग्रेस सरकार बनने के बाद पहली ही मंत्रिमंडल की बैठक में दो गारंटियां देने का वादा किया है। सोलन में उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने के बाद पहली ही कैबिनेट की बैठक में एक लाख सरकारी नौकरियों पर मुहर लगेगी। साथ ही उसी बैठक में पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। कर्मचारियों का यह हक है और वह हम देकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं यह वादा करती हूं और सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट मीटिंग में इस पर फैसला लिया जाएगा।

उन्होंने सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार हिमाचल के युवाओं को कुल पांच लाख नौकरियां देगी। मैं यह गारंटी दे रही हूं, जिसे सत्ता में आने के बाद पूरा किया जाएगा। इससे पहले संबोधन शुरू करते हुए प्रियंका ने कहा कि यहां आने से पहले मैं माता शूलिनी देवी के मंदिर गई। इसलिए सभी कहिए मां शूलिनी की जय। कई नेताओं ने इंदिरा जी का जिक्र किया। इंदिरा जी का हिमाचल से बहुत लगाव था। मैं कह सकती हूं कि उनका हिमाचल से अध्यात्मिक लगाव था। जब वह शहीद हुईं, तो उससे पहले उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को यह कहा कि मेरी सारी अस्थियां सिर्फ संगम में नहीं, कुछ अस्थियां हिमालय के पर्वतों पर बिखेर देना। उनकी यह इच्छा मेरे पिता जी ने पूरी की। मैंने जब यहां घर बनाया, तो इसलिए बनाया, क्योंकि यह इंदिरा जी की ख्वाहिश थी। वह कहती थीं कि जब मैं रिटायर होंगी, तो मैं मशोबरा में घर बनाना चाहती हूं, लेकिन वह शहीद हो गईं। 25 जनवरी, 1971 में उन्होंने हिमाचल को प्रदेश इसलिए बनाया, क्योंकि वो यहां की जनता की हौसले और हिमम्मत पहाड़ जैसा विशाल है।

जब हिमाचल बना, तो बहुत लोगों ने आलोचना की, कि यह प्रदेश बन तो गया, पर चलेगा कैसे, लेकिन इंदिर जी पीछे नहीं हटीं, क्योंकि वह आपके हौसले को पहचानती थीं, उनको पता था कि इस प्रदेश को आप चलाएंगे। इस प्रदेश को यहां के युवाओं, कर्मचारियों, महिलाओं, वीरों ने बनाया है। यह प्रदेश आपका है, तो आज यह चुनावी सभा नहीं है। यह एक सोचने का समय है कि यह जो प्रदेश आपने बनाया, इसका आगे क्या होगा। यहां का विकास आपने किया, पर आपके भविष्य को क्या मिला। पांच साल में आपके लिए भाजपा की सरकार ने क्या किया। मैं आपको वास्तिवकता बता रही हूं। प्रदेश में लाखों कर्मचारी धरने पर बैठे हैं, पर सरकार का कोई प्रतिनिधी नहीं आया।

जब पुरानी पेंशन देने की बात होती है, तो सरकार कहती है पैसा नहीं है, अर्थव्यवस्था खराब हो जाएगी। मैं पूछना चाहती हूं कि आप बड़े-बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर देते हैं, लेकिन कर्मचारियों के लिए आपके पास पैसा नहीं है। मैं पूछना चाहती हूं कि जो सरकार कर्मचारियों को नहीं मानती, तो राज्य कैसे चलेगा। प्रदेश में 63 हजार से ज्यादा पद खाली हैं, उन्हें भरा नहीं जा रहा है, सरकार युवाओं को नौकरी नहीं देती। नौजवान मौजूदा सरकार में उम्मीद नहीं कर सकते कि उन्हें नौकरी मिलेगी। यही हाल बागबानों का है। सेब-मशरूम व अन्या फसलों के दाम बड़े-बड़े उद्योगपति तय कर रहे हैं, क्या बागबानों को उनका हक नहीं मिलना चाहिए। छोटे व्यापारियों को सरकार ने कंगाल कर दिया। यहां का विकास इंदिरा गांधी जी ने किया। भाजपा सरकार ने आपसे बहुत कुछ छीना, नौजवानों की नौकरी छीनी। युवा उम्मीद करता है कि वह फौज में भर्ती होगा, पर सरकार अग्रिवीर योजना ले आई। सरकार उनको ठेके पर रख रही है। भाजपा सरकार ने सिर्फ जनता से छीना है, दिया कुछ नहीं है। छोटे दुकानदारों, किसानों-बागबानों की कमाई छीनी है, पर जनता अब बदलाव चाहती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App