ऊना भाजपा को मिला नया दफ्तर

By: Oct 3rd, 2022 12:20 am

राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पुराना होशियारपुर मार्ग पर कार्यालय का किया उद्घाटन, नौ कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद

जतिंद्र कंवर-ऊना
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को ऊना में पुराना होशियारपुर मार्ग पर भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस बार के विधानसभा चुनाव में कड़ी मेहनत करते हुए पुन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन वाली भाजपा सरकार को बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जेपी नड्डा ने नौ कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया और नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय परिसर में एक पौधा भी लगाया। इससे पहले ऊना पहुंचने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भव्य स्वागत किया गया। जेपी नड्डा ने प्रदेश के लोगों को नवरात्र की बधाई दी।

उन्होंने जनता से पांच अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एम्स, बिलासपुर के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेकर इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं जो दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी है और जो हमेशा ही जन-सेवा और जन-कल्याण के लिए समर्पित रहती है। भाजपा गांव, गरीब, वंचित, पीडि़त, शोषित, दलित, महिला, युवा, किसान सबके लिए काम करने वाली पार्टी है। ऊना का नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय पार्टी को मजबूती देगा और इस क्षेत्र में पार्टी की विचारधारा को बढ़ाने का केंद्र बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद आशा जताई थी कि हर प्रदेश एवं हर जिला में पार्टी का कार्यालय बने। भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष अमित शाह ने उस परिकल्पना को मूर्त रूप देने के लिए योजनाएं बनाई और इसका मिशन मोड पर क्रियान्वयन शुरू हुआ। आज भारतीय जनता पार्टी के 512 नए कार्यालय प्रस्तावित है। हिमाचल में 17 नए कार्यालय प्रस्तावित है। देश में भाजपा के 235 जिला कार्यालय बन चुके हैं और 155 कार्यालय निमार्णाधीन हैं। (एचडीएम)

कार्यक्रम में ये भी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, चुनाव प्रभारी हिमाचल प्रदेश सौदान सिंह, सह प्रभारी देवेंद्र सिंह राणा,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती,विधायक राजेश ठाकुर, बलबीर चौधरी, प्रो.राम कुमार, जिला भाजपाध्यक्ष मनोहर लाल, जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया, जिल परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी, जिप उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, पूर्व विधायक नवीन धीमान के साथ-साथ कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App