वजीर राम सिंह पठानिया के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान

By: Nov 13th, 2022 12:55 am

पैतृक गांव वासा वजीरा में मनाई महान स्वतंत्रता सेनानी की पुण्यतिथि, हवन करवा सुरक्षा कवच पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
कार्यालय संवाददाता-नूरपुर
महान स्वत्रंतता सेनानी वीर शिरोमणि वजीर राम सिंह पठानिया की पुण्यतिथि वीर दिवस के रूप में शुक्रवार को उनके पैतृक गांव वासा वजीरा में एक सादे समारोह में मनाई गई। इस मौके पर वजीर राम सिंह पठानिया मेमोरियल कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पठानिया ने सभी आए हुए गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया और वजीर राम सिंह पठानिया के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वजीर राम सिंह पठानिया की पुण्यतिथि पर हवन किया गया और उनके सुरक्षा कवच पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।

उन्होंने वजीर राम सिंह पठानिया के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। गौरतलब है कि वजीर राम सिंह पठानिया देश के उन महान सपूतों में गिने जाते हैं जिन्होंने 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से भी पहले अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह का बिगुल बजाया था और अंग्रेजों के खिलाफ शस्त्र उठाकर स्वतंत्रता का झंडा उठाया तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। वजीर राम सिंह पठानिया ने जिस वीरता से अंग्रेजों का मुकाबला किया था, उसके डर से अंग्रेज कई दिन तक चैन से सो भी नहीं पाए थे। वह अंग्रेजों के खिलाफ सशस्त्र उठाकर युवाओं के जहन में आजादी का जुनून पैदा कर गए। महान स्वतंत्रता सेनानी वजीर राम सिंह पठानिया को आज भी लोग श्रद्धा से याद करते हैं और नमन करते हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री केवल सिंह पठानिया, केसीसी बैंक के डायरेक्टर करनैल सिंह राणा, पंचायत वासा वजीरा के प्रधान उदय पठानिया, कर्नल एनएस पठानिया, धर्मवीर कपूर, शौर्य पठानिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App