विशेष

मिस हिमाचल-2016 की फाइनलिस्ट इशा शर्मा ने पेश की मानवता की मिसाल, आप भी जानिए

By: Dec 21st, 2022 11:29 am

दीपक शर्मा-चंबा

चंबा। हिमाचल प्रदेश के अग्रणी मीडिया गु्रप दिव्य हिमाचल के मिस हिमाचल इवेंट की वर्ष 2016 की फाइनलिस्ट और पॉलीबुड अदाकारा इशा शर्मा ने चंबा जिला के गैहरा गांव के कुलदीप कुमार की मददगार बनकर मानवता की मिसाल पेश की है। इशा ने कुलदीप कुमार की पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन बेटी के उपचार के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर मदद करने का आग्रह किया था। इशा शर्मा की इस पोस्ट के वायरल होते ही कुलदीप कुमार की मदद के लिए देश व विदेश से मददगार सामने आए।

इशा शर्मा की इस पहल से ही कुलदीप कुमार की बेटी के उपचार के लिए सोलह लाख रुपए की राशि एकत्रित हुई है। इसके लिए कुलदीप कुमार ने इशा शर्मा का तहेदिल से आभार प्रकट किया है। इशा शर्मा ने दिव्य हिमाचल को बताया कि पिछले दिनों पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचकर कुलदीप कुमार के साथ मुलाकात की थी। कुलदीप कुमार ने बताया कि उसकी बेटी के हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए बीस से बाइस लाख की आवश्यकता है, मगर वह गरीब परिवार से संबंध रखने के कारण अपनी बेटी के उपचार के लिए इतनी बड़ी धनराशि खर्च करने में असमर्थ है। इशा शर्मा ने बताया कि कुलदीप कुमार की व्यथा सुनने के बाद बेटी किरण के उपचार के लिए लोगों के सहयोग से धनराशि एकत्रित करने का बीड़ा उठाया। इशा शर्मा ने बताया कि आरंभिक दौर में सोशल मीडिया पर कुलदीप कुमार की मदद हेतु पोस्ट डालने पर कई तरह के कमेंट व बातें भी सुनने को मिलीं, मगर धीरे-धीरे यह प्रयास रंग लाने लगे।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के फलस्वरूप अब तक सोलह लाख रुपए की राशि एकत्रित हो चुकी हंै। इशा शर्मा ने बताया कि यह धनराशि सीधे कुलदीप कुमार के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर हुई है, जिस कारण वह अपनी बेटी का उपचार करवा पाया है। उधर, इस पुनीत कार्य के लिए कुलदीप कुमार ने इशा शर्मा का आभार जताया है। कुलदीप कुमार का कहना है कि इस मदद के लिए वह इशा शर्मा व सभी मददगारों का तहेदिल से आभार प्रकट करते हंै। मुश्किल घड़ी में सहयोग के लिए पूरा परिवार मददगारों का सदैव ऋणी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App