ओल्ड पेंशन बहाली की खुशी में झूमे कर्मचारी, सचिवालय के बाहर ढोल की थाप पर डाला भांगड़ा

By: Jan 13th, 2023 5:25 pm

शिमला। ओल्ड पेंशन बहाली की खुशी में कर्मचारी शुक्रवार को सचिवालय में जमकर झूमे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर सुबह से ही न्यू पेंशन स्कीम एसोसिएशन के पदाधिकारी सचिवालय पहुंचे थे। यहां सचिवालय के अंदर कैबिनेट की बैठक में ओपीएस बहाली के जोड़-तोड़ तय किए जा रहे थे तो बाहर कर्मचारी इसके ऐलान के इंतजार में जमकर झूमते नजर आए। सुबह से ही कर्मचारियों का जमघट सचिवालय के बाहर लगना शुरू हो गया था।

प्रदेश भर के कोने-कोने से एनपीएस कर्मचारी शिमला पहुंचे थे। शिमला के सर्द मौसम के बीच ढोल की थाप पर झूमते कर्मचारियों ने माहौल में गर्माहट भर दी। कैबिनेट के खत्म होने तक सैकड़ों कर्मचारी सचिवालय के बाहर जमा हो चुके थे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के लिए बकायदा मंच सजाया गया। यहां पहले एनपीएस के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कर्मचारियों को संबोधित किया और उसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ओल्ड पेंशन बहाल करने को लेकर अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी मौजूद कर्मचारियों के सामने रखी। ओल्ड पेंशन बहाली के फैसले से उत्साहित कर्मचारियों ने अब सरकार के लिए धन्यवाद कार्यक्रम तय करने की बात कही है।

इसके साथ ही प्रदेश भर की 50 अलग-अलग जगहों पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नाम के बोर्ड भी कर्मचारी लगाने जा रहे हैं। ओल्ड पेंशन बहाली को यादगार बनाने के लिए करीब एक लाख कर्मचारियों के समूह वाले बड़े आयोजन की तैयारियां भी कर्मचारियों ने शुरू कर दी हैं। एनपीएस प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के किसी भी जिले में यह आयोजन हो सकता है। कर्मचारी मंडी में इसका प्लान बना रहे हैं।

2015 में शुरू किया था संघर्ष
एनपीएस कर्मचारी एसोसिएशन प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि 2015 में ओल्ड पेंशन बहाल करने को लेकर संघर्ष की शुरूआत की गई थी। इसके बाद लगातार इस मामले को समूचे प्रदेश में उठाया गया। पूर्व सरकार के समय में लगातार संघर्ष जारी रहा। लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और तमाम कांग्रेस सरकार ने हर मोर्चे पर कर्मचारियों के साथ ओल्ड पेंशन बहाल करने का वादा किया और अब सरकार बनने के बाद कर्मचारियों को पेंशन बहाली का तोहफा मिल गया है। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष कई बार भावुक होते भी नजर आए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के कर्मचारियों की पीड़ा समझी है।
वापस होंगे एनपीएस कर्मचारियों पर दर्ज मामले
ओल्ड पेंशन बहाल करने को लेकर संघर्षरत एनपीएस कर्मचारियों पर दर्ज तमाम केस वापस होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि संघर्ष के दौरान चाहे शिक्षक हों या अन्य कर्मचारी सभी हक की लड़ाई लड़ रहे थे। अब इन कर्मचारियों को उस समय बनाए गए मामलों से भी छूट दिलाई जाएगी। उधर, इस मौके पर जोइया मामा नारा लगाने से फेमस हुए सिरमौर के शिक्षक ओम प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद पेन किलर मिल गई है और अब धीरे-धीरे दर्द से राहत मिल रही है। ओम प्रकाश समेत अन्य शिक्षकों पर सचिवालय के बाहर नारेबाजी करने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App