रिज पर आज हिमालय बचाने को होगी भूख हड़ताल

By: Jan 30th, 2023 12:11 am

सोनम वांगचुक के समर्थन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्टेच्यू के सामने शांतिपूर्वक ढंग से होगा प्रदर्शन, नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर टिकेंद्र पंवर भी लेेंगे भाग

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
ऐतिहासिक रिज मैदान में भी सोमवार को हिमालय बचाओ अभियान की मुहिम के समर्थन में एक दिवसीय भूख हड़ताल होगी। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हिमालय बचाओ मुहिम का समर्थन करते हुए यह भूख हड़ताल होगी, जिसके तहत रिज पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्टेच्यू के सामने सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर टिकेंद्र पंवर इस मुहिम में शामिल होंगे। मुहिम का नाम हिमालय बचाओ, अपना भविष्य सुरक्षित करो रखा गया है। बता दें कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लद्दाख में बढ़ते उद्योगों और पर्यटन को लेकर चिंता जताई है। उनका मानना है कि लद्दाख और अन्य हिमालयी क्षेत्रों को औद्योगिक शोषण से सुरक्षा मिलनी चाहिए। क्योंकि, बढ़ते उद्योगों के चलते पर्यावरण पर इसका प्रभाव पड़ रहा है।

नगर निगम शिमला के पूर्व डिप्टी मेयर और सामाजिक कार्यकर्ता टिकेंद्र पंवर ने कहा कि लेह लद्दाख में उद्योगों की लापरवाही के चलते ग्लेशियर खत्म होने की कगार पर है। इनको बचाने की मुहिम शुरू हुई है। लद्दाख के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता और यहां के इको सिस्टम को बनाए रखने की मुहिम चलाने वाले सोनम वांगचुक इन दिनों हड़ताल पर है और वह शिमला में उनके समर्थन में एक दिन की भूख हड़ताल कर रहे है। उन्होंने कहा कि जिस तरह की लापरवाही लद्दाख में हो रही है, उसी तरह की लापरवाही हिमाचल में बरती जा रही है। हिमाचल में भी बढ़ते उद्योग और अंधाधुंध पहाड़ कटाव के चलते ग्लेशियर खत्म हो रहे है, जमीनें धंस रही हैं। आए दिन हिमस्खलन हो रहे है। भू-स्खलन हो रहे हैं, जिसे रोकना जरूरी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App