शेष विश्व से कटा जनजातीय उपमंडल भरमौर का संपर्क

By: Jan 26th, 2023 12:55 am

लाहल के समीप पहाड़ी दरकने से हुए भू-स्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही ठप
कार्यालय संवाददाता-भरमौर
बर्फबारी व बारिश के चलते जनजातीय उपमंडल भरमौर का संपर्क शेष विश्व से कट गया है। बुधवार को उपमंडल मुख्यालय सहित समूचे क्षेत्र ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। इसी बीच लाहल के समीप पहाड़ी दरकने से हुए भू-स्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही भी ठप हो गई। इसके चलते एनएच पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जानकारी के अनुसार बुधवार सवेरे बर्फबारी के बीच लाहल के समीप भू-स्खलन के चलते चंबा-भरमौर एनएच सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद हो गया है। एनएच प्रबंधन मार्ग पर यातायात बहाली के लिए प्रयासरत है, लेकिन लगातार बारिश व बर्फबारी के चलते कार्य में विलंब हो रहा है। मार्ग बंद होने के कारण राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को मार्ग बंद होने से रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं मुख्यालय नहीं पहुंच पाई। उधर, बर्फबारी के कारण समूचा क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। बर्फबारी के बीच हाड कंपा देने वाली ठंड के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गया है। बर्फबारी व बारिश के कारण उपमंडल मुख्यालय सहित अन्य हिस्सों के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बहरहाल, बर्फबारी व बारिश के चलते लोगों की मुश्किलें बढक़र रह गई है। समाचार लिखे जाने तक उपमंडल में बर्फबारी व बारिश का दौर लगातार जारी था।

बर्फबारी से शीत लहर की चपेट में क्षेत्र
डलहौजी। पर्यटक नगरी में बिगड़े मौसम के मिजाज के चलते जारी बारिश व बर्फबारी के क्रम से शीत लहर तेज हो गई है। हालांकि शहर में बर्फ व बारिश के मिलेजुले दौर से शहर में बर्फ टिक नहीं पाई। बारिश के साथ पिघली बर्फ से चौक व सडक़ें पानी से भर गई। जिस कारण राहगीरों को पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि ऊपरी इलाके एक बार फिर से बर्फ की सफेद चादर से गुलजार हो गए हैं। तापमान में जबरदस्त गिरावट होने से पूरे इलाका ठंडी हवाओं के आगोश में हैं। ठंड के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोग सामान्य दिनचर्या का काम नहीं कर पा रहे हैं और घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा, जिससे कारोबारियों को भी मंदी झेलनी पड़ी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App