अवाहदेवी-टीहरा मार्ग पर जरा संभलकर!

By: Feb 2nd, 2023 12:18 am

सडक़ पर जगह-जगह लगे बड़ी-बड़ी पाइपों के ढेर हादसों को दे रहे न्योता, कभी भी हो सकती है दुर्घटना

रवि कुमार — अवाहदेवी
जरा संभलकर…! अगर आप अवाहदेवी-टीहरा मार्ग पर सफर के लिए जा रहे हैं तो जरा संभलकर। इस मार्ग पर जगह-जगह टनों के हिसाब से रखी पाइपें थोड़ी सी लापरवाही पर वाहन चालकों की जान ले सकती हैं। रात के समय तो यह खतरा और भी अधिक बढ़ जाता है। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर सरौन, खौदा, बांदल चौक आदि अन्य जगह में टनों के हिसाब से पाइपों के ढेर लगे हैं, लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

इस मार्ग पर पिछले लंबे समय से सडक़ के दोनों तरफ टनों के हिसाब से पानी की पाइपों का ढेर लगा हुआ है। जानकारी के अनुसार ये पाइपें सिंचाई योजनाओं के लिए प्रयोग में लाई जानी हंै, लेकिन चुनाव जीतने के बाद भी यह योजना धरी की धरी रह गई है तथा सडक़ किनारे पाइपों के रखे लगे ढेर यातायात को भी प्रभावित कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों का कहना है कि इस बाबत जल शक्ति विभाग को अवगत करा दिया गया है, परंतु स्थिति का समाधान अभी नहीं हो पाया है। इस मार्ग में रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। मंडी-धर्मपुर व हमीरपुर मुख्यालय को जोडऩे वाला सबसे व्यस्त मार्ग है। इस बारे स्थानीय लोगों में रमेश, अनिल, विनोद,, सुनील, राज कुमार, रमेश चंद, अशोक, विनोद आदि ने जल शक्ति विभाग व संबंधित अधिकारियों से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं, लोनिवि टिहरा के सहायक अभियंता नरेंद्र कुमार राणा ने कहा कि इस संबंध में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। उधर, जल शक्ति विभाग टिहरा के सहायक अभियंता ई. एनएल शर्मा ने बताया कि समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App