सरवरी में शिवरात्रि मेले में भव्य देव मिलन

By: Feb 20th, 2023 12:20 am

श्रद्धालुओं ने माथा टेक कर मांगा आशीर्वाद, देवनृत्य देख मंत्रमुग्ध हुए लोग

कार्यालय संवाददाता-कुल्लू
देवताओं के भव्य देवमिलन के साथ ही सरवरी में शिवरात्रि मेला आकर्षण का केंद्र बना। हालांकि बीते शनिवार को भूतनाथ मंदिर में देवता संगम महादेव से देवमिलन करने पहुंचे। वहीं, रात को यहीं पर विराजमान हुए। वहीं, रविवार दोपहर बाद देवता ढोल नगाड़ों की थाप पर सरवरी पार्क के लिए निकल पड़े। यहीं पर मेले का आयोजन किया गया। देवता एक साथ देव स्थल पर विराजमान हुए। जबकि देवता के समक्ष कुल्लवी नाटी डाली गई। यह नाटी आकर्षण का केंद्र बनी। बता दें कि जिला मुख्यालय कुल्लू के सरवरी स्थित पार्क में शिवरात्रि उत्सव के मौके पर मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आसपास के देवता ढोल नगाड़ों की थाप पर मेले में शामिल हुए हैं।

इस दौरान देवमिलन और देवनृत्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गौरतलब है कि शिवरात्रि उत्सव के मौके पर यहां मेले का आयोजन किया जाता है, जो तीन दिनों तक चलता है। मेले के शुभारंभ से पहले देवता पहले भगवान रघुनाथ के दरवार पहुंचते हैं व हाजिरी लगाने के बाद सभी देवी-देवता मेला स्थल पर पहुंचते हैं। लिहाजा, इस परंपरा निभाने के बाद इस मेले का विधिवत आगाज हो गया है। सरवरी शिवरात्रि मेला उत्सव में जिला मुख्यालय के आसपास के विराजमान देवता अपने हारियानों के साथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर इस मेले में शरीक हुए हैं, जिसमें इन देवताओं में संगम महादेव, देवता पांच वीर, देवता वनशीरा, देवता घटोत्कच्छ, देवता वीरनाथ और देवता चंद्रमौली महादेव आदि देवता शामिल हैं। इस मेले के दौरान सरवरी स्थिति पार्क में एक भव्य कुल्लवी नाटी का आयोजन किया गया, जिसमें महिला, पुरुषों ने हिस्सा लेकर कुल्लवी संस्कृति की झलक पेश की। लिहाजा, देवनृत्य से लेकर मानवनृत्य को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। लिहाजा, सोमवार को यह मेला संपन्न होगा और देवी-देवता अपने-अपने देवालय की ओर लौटेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App